Newspost, MP State Desk.
भोपाल/सिंगरौली, मध्य प्रदेश। राजभवन भोपाल में रेडक्रॉस सोसायटी राज्य शाखा भोपाल म.प्र. की वार्षिक साधारण सभा संपन्न हुई। प्रदेश के महामहिम राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने मुख्य अतिथि के रूप में राजभवन के सभागार में उपस्थित विभिन्न जिलों से आए हुए प्रतिनिधियों को संबोधित किया।
राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि मध्यप्रदेश में सिकल सेल एनीमिया के बहुत अधिक मरीज हैं। इनके उपचार के लिए रक्त को महत्वपूर्ण बताया तथा जिले में स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आमजन को प्रेरित करने को कहा। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति टीबी से पीड़ित है तो उसके इलाज के लिए किसी दानदाता के माध्यम से पीड़ित को लाभ दिलाएं।
राज्यपाल ने उत्कृष्ट कार्य और समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रियता, कर्तव्यनिष्ठा, समाज के प्रति समर्पण और दायित्वों के निर्वहन एवं रेडक्रॉस द्वारा सिंगरौली में संचालित विभिन्न गतिविधियों की प्रशंसा की। इस बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलोंं की रेडक्रॉस ईकाईयों को उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया। इसी क्रम में वर्ष 2023-24 में रेडक्रॉस सोसाइटी सिंगरौली द्वारा किए गए उत्कृष्ट सामुदायिक सेवा कार्यों में पूरे म.प्र. में दूसरा स्थान प्राप्त करने पर रेडक्रॉस सोसायटी जिला सिंगरौली को महामहिम राज्यपाल मंगूभाई पटेल द्वारा अवार्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
भोपाल स्थित राजभवन म.प्र. में आयोजित कार्यक्रम में महामहिम राज्यपाल मंगूभाई पटेल से रेडक्रॉस प्रबंध समिति सदस्य डॉ. डीके मिश्रा, भूपेंद्र गर्ग ‘बंटी’, विवेक कुमार त्रिपाठी एवं बबीता जैन ने अवार्ड प्राप्त किया।
