टीआई अरविंद कुजूर की कथित प्रेमिका बताई गई है महिला
Newspost, MP State Desk. Chhatarpur/Satna.
मध्य प्रदेश के छतरपुर जिला मुख्यालय से गुरुवार को बड़ी ब्रेकिंग खबर आई थी। यहाँ छतरपुर सिटी कोतवाली के टीआई इंस्पेक्टर अरविंद कुजूर ने अपने आवास पर सर्विस रिवाल्वर से खुद को गोली मार ली थी। यह घटना छतरपुर के पेप्टेक टाउन स्थित आवास पर घटी थी। इस घटना की जानकारी मिलने पर वहाँ सनाका खिंच गया था। विभागीय लोगों द्वारा आननफानन टीआई अरविंद कुजूर को जिला अस्पताल ले जाया गया था डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।
रहस्यमय है यह घटना
छतरपुर सिटी कोतवाली टीआई अरविंद कुजूर ने मौत को क्यों गले लगा लिया? क्या वे भारी तनाव से ग्रसित रहे ? क्या वे निजी अथवा विभागीय या राजनीतिक दबाव को झेल रहे थे ? स्वयं को गोली मारने के पहले उनका अब तक लिखित या डिजिटल कथन संभवतः नहीं मिलने से यह रहस्यमय मौत की घटना बन गई है।
कथित प्रेमिका से की जा रही पूछताछ
टीआई अरविंद कुजूर के मौत के मामले में उनकी कथित प्रेमिका आशी राजा नामक महिला को पुलिस ने हिरासत में लिया है। आशी राजा से पूछताछ, कॉल डिटेल्स, मोबाइल लोकेशन एवं उस पर उपलब्ध सामग्री आदि के बाद टीआई की मौत के मामले से पर्दा हट सकता है। छतरपुर पुलिस ने इस मामले को एक चुनौती के रूप में लिया है। पुलिस राजफाश करने के लिए विभिन्न आयामों पर काम कर रही है।
