Newspost, MP Desk, Singrauli.
एमपी के सिंगरौली जिले के बरगवां थानांतर्गत बीते शनिवार को प्रकाश में आए सामूहिक हत्याकांड का पुलिस विभाग द्वारा 24 घंटे के भीतर पटाक्षेप कर आरोपियों की गिरफ्तारी और उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया। इस केस को अत्प समय में पूरी तत्परता के साथ सुलझा लेने पर पुलिस की कार्यशैली की प्रसंशा हो रही है।

इस सफलता पर सिंगरौली जिले के नागरिकों ने मंगलवार को एनसीएल दूधिचुआ परियोजना के सूर्य किरण अतिथि गृह में पुलिस कर्मियों को एक समारोह आयोजित कर सम्मानित किया। सिंगरौली कलेक्टर चंद्रशेखर शुक्ला के साथ पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री, भाजपा जिलाध्यक्ष राम सुमिरन गुप्ता, सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पांडे, सिंगरौली विकास प्राधिकरण अध्यक्ष दिलीप शाह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा, नगर पुलिस अधीक्षक पी.एस.परस्ते के साथ पुलिस अधिकारी व कर्मचारी एवं जिले के पत्रकार व अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
तत्परता और दक्षता के लिए मिला सम्मान
जिले के थाना बरगवां के ग्राम बड़ोखर में घटित नृसंश हत्याकांड के मामले में सिंगरौली पुलिस ने अपनी अद्वितीय तत्परता और दक्षता का प्रदर्शन किया। पुलिस ने मामले का सफलतापूर्वक खुलासा कर मात्र 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की। इस महत्वपूर्ण कार्य से न्याय व्यवस्था की यात्रा में सिंगरौली पुलिस ने अपनी महती भूमिका का परिचय दिया है।
इस सराहनीय कार्य के लिए सिंगरौली जिले के समस्त नागरिकों ने पुलिस विभाग के प्रति अपना आभार प्रकट करते हुए “पुलिस सम्मान समारोह” का आयोजन किया। जिसमें पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को शॉल, श्रीफल व प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह समारोह जिले के समस्त सम्मानीय नागरिकगण की गरिमामयी उपस्थिति रही।
