कुल्हाड़ी से काट डाला खुद का गला, मौत
बरगवां थाना क्षेत्र के पचुआर की घटना
Newspost, MP Regional Desk.
सिंगरौली, मध्य प्रदेश। जिले के बरगवां थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवक द्वारा कुल्हाड़ी से खुद के गर्दन पर वार कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली गई। यह सनसनीखेज घटना ग्राम पचुआर की बताई जा रही है। वहां मानसिक रूप से विक्षिप्त बताए जा रहे व्यक्ति ने कुल्हाड़ी से खुद का गला रेतकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस डायरी के अनुसार
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना के विषय में बरगवां थाने में जानकारी देते हुए मृतक के पिता बाबूलाल सिंह गोड़ ने बताया कि उसका 35 वर्षीय लड़का राजकुमार सिंह गोंड़ ने खुद को कमरे में बंद कर लिया था। कई बार समझाने और दरवाजा खुलवाने का प्रयास करने पर भी जब वह नहीं माना तब पड़ोसियों की मदद से उसे दरवाजा खोलने को कहा गया। जब उसने दरवाजा खोला तो उसका गला कटा था जिससे खून बह रहा था और उसके हाथ में कुल्हाड़ी थी। वह लड़खड़ाते हुए आंगन में गिर गया। आनन फानन में लोगों द्वारा रक्त के बहाव को रोकते हुए उसे वाहन में डालकर इलाज हेतु बैढन ले जाया गया पर कचनी पहुंचने तक ही राजकुमार ने दम तोड़ दिया।
इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना बरगवां थाने में दी। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीओपी के के पाण्डेय के मार्गदर्शन में निरीक्षक शिवपूजन मिश्रा ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया एवं मर्ग कायम कर घटनास्थल पहुंचकर विवेचना में जुट गए। पुलिस इस मामले में गहन छानबीन कर रही है।
