जम्मू कश्मीर के सोनमर्ग में आतंकी हमले में सीधी के इंजीनियर अनिल शुक्ला काल कवलित, पसरा शोक, सांसद सहित अन्य ने जताई संवेदना

Newspost, MP Desk. @Rohit_Gupta

रविवार की शाम जम्मू-कश्मीर में आतंकी धमाकों से मध्य प्रदेश का सीधी जिला भी दहल गया। घाटी के गांदरबल जिले के सोनमर्ग क्षेत्र में एक टनल निर्माण साइट पर बड़ा आतंकी हमला हुआ। इस हमले में बडगाम (J&K) के एक चिकित्सक, सीधी (M.P.) के डिठौरा ग्राम निवासी इंजीनियर अनिल शुक्ला व चार अन्य गैर कश्मीरी सहित कम से कम 7 लोगों के मारे जाने की जानकारी मिली है। जबकि पांच अन्य घायल हैं। इनमें दो को गंभीर बताया गया है। हमले की जिम्मेदारी टीआर‌एफ (TRF) नामक अतिवादी संगठन ने ली है। टार्गेटेड किलिंग के लिए यह संगठन कुख्यात है। घाटी में विकास कार्यों में कार्यरत गैर कश्मीरी लोगों को निशाना बनाता रहा है।

रविवार की देर शाम आतंकवादियों ने प्रोजेक्ट के कर्मचारियों के कैम्प पर हमला कर दिया था। गांदरबल के गुंड में जेड मोड़ टनल परियोजना का काम चल रहा है। इंजीनियर अनिल शुक्ला व अन्य कार्यरत कर्मचारी देर शाम अपने शिविर में लौट आए थे। घाटी में किसी बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजना के निर्माण श्रमिकों पर यह पहला बड़ा हमला बताया गया है। हैरान करने वाली बात यह है कि पिछले एक दशक में यह क्षेत्र आतंकवादियों से लगभग मुक्त रहा है।

आतंकी हमले पर प्रतिक्रिया-

इस घटना पर रियासत के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने गंभीर प्रतिक्रिया के साथ गहन संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा है कि सुरक्षा बल आतंकवादियों को कठोर सजा देंगे। दूसरी ओर सीधी के भाजपा सांसद डा. राजेश मिश्रा ने इंजीनियर अनिल शुक्ला की मौत पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा किए गए अपने संदेश में दिवंगत पुण्यात्मा को परम पद एवं परिजनों के संबल के लिये परमात्मा से प्रार्थना की है।

NIA को सौंपी गई जांच, गृह मंत्री अमित शाह ने जताया दु:ख

गांदरबल के आतंकी हमले की जांच गृहमंत्री अमित शाह ने NIA को सौंप दी है। श्री शाह ने यह निर्णय लेकर एक गंभीर संदेश दे दिया है। दूसरी ओर केंद्र सरकार जम्मू कश्मीर (UT) के विधानसभा चुनाव के बाद हुए इस बड़े हमले को असामान्य एवं आतंकवादियों की घबराहट बता रही है। हालांकि घाटी के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, डिप्टी सीएम चौधरी एवं फारूक अब्दुल्ला ने भी शोक संवेदना व्यक्त की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *