चोर को पहले दमभर पीटा फिर कर दिया पुलिस के हवाले
दुकान के काउंटर से रुपये चोरी कर भाग रहा था चोर
Newspost, MP Regional Desk, R.Y. Singh.
शनिवार को एक कपड़ा व्यवसायी द्वारा उसके दुकान के काउंटर से नकदी की चोरी कर भाग रहे चोर को पकड़ने के बाद बुरी तरह से मार पीटकर पुलिस को सुपुर्द करने का मामला प्रकाश में आया है। यह घटना मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले की है। बताया गया है कि मोरवा थानांतर्गत एनसीएल झिंगुरदह के शॉपिंग सेंटर, दुकान नंबर 7, कपड़े की दुकान के काउंटर के दराज में रखे रुपयों पर चोर ने हाथ साफ कर दिया। वहाँ से भाग रहे चोर को दुकानदर ने पकड़ लिया था।
महापर्व सेल…
यहाँ तक सब ठीक था। लेकिन कथित चोर को पकड़ने के बाद उसकी डंडे, लात धूसों से बेरहमी से पिटाई की। बाद में मोरवा थाना पुलिस के हवाले कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि दुकानदार द्वारा चोर की बेरहम पिटाई की जा रही थी। पिटाई के लिए प्रयोग किये जा रहे डंडे टूट जा रहे थे। वहीं शांपिंग काम्पलेक्स में मौजूद अन्य लोग मूक दर्शक बने घटनाक्रम को देख रहे थे। किसी ने दुकानदार को रोकने का प्रयास नहीं किया। अलबत्ता जब पुलिस कथित चोर को लेकर चली गई तब लोग कहते सुने गये कि दुकानदार को इस कदर पिटाई नहीं करनी चाहिए थी।
घटना का विवरण-
प्राप्त जानकारी के अनुसार कथित चोर एनसीएल झिगुरदा शॉपिंग सेंटर के शॉप नंबर 7 (कपड़े की दुकान) के अंदर घुसा। वह काउंटर के दराज में रखी नकदी लेकर भागने की फिराक में था। तभी दुकानदार सीताराम केवट की नजर कथित चोर राजेश पासवान निवासी झारखंड हाल मुकाम कलिंगा ओबी कंपनी कैंप के ऊपर पड़ गई। बताया गया है कि चोरी करने वाला व्यक्ति कलिंगा कंपनी में सफाई कर्मी के रूप में कार्यरत है। लोगों ने बताया कि इसके पूर्व भी इसके ऊपर चोरी करने के कई आरोप लग चुके हैं, वह शातिर चोर है।
जांच के कई बिंदु, पुलिस कार्यवाही पर रहेगी नजर-
इस घटना में कई पक्ष हैं, एक- काउंटर से नकदी की चोरी और दूसरा दुकानदार द्वारा कानून को हाथ में लेकर उसकी निर्मम पिटाई का। इस तरह की घटना के मूल में एक महत्वपूर्ण बिंदु यह भी है कि जब वह एक कंपनी में नौकरी करता है तब क्या उसे सही वेतन मिलता है या नहीं, यदि वह भी ठीक है, तो क्या वह किसी मंहगे नशे का आदी है या कुछ अन्य..? देखना होगा कि मोरवा पुलिस आगे क्या कार्यवाही करती है?

