जनसंपर्क व पीएचई मंत्री राजेन्द्र शुक्ला एवं कोल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रामलाल रौतेल का आगमन कल
सिंगरौली जिले की तीनों विधानसभाओं की भाजपा चुनाव प्रंबधन समितियों की लेंगे बैठक
News Desk, सिंगरौली, MP.
मध्य प्रदेश के जनसंपर्क एवं पीएचई मंत्री राजेन्द्र शुक्ला एवं कोल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रामलाल रौतेल अपने एक दिवसीय प्रवास पर कल शनिवार को सिंगरौली आ रहे हैं। मंत्री एवं अध्यक्ष जिले की तीनों विधानसभाओं के लिए कार्यरत बीजेपी के चुनाव प्रबंधन समितियों की बैठकों को संबोधित करेंगे।
तीनों विधानसभाओं की चुनाव संचालन समितियों की बैठकें जिलाध्यक्ष राम सुमिरन गुप्ता की अध्यक्षता एवं विधानसभा संयोजकों समेत प्रबंधन समिति के सदस्यों की उपस्थिति में सम्पन्न होंगी।
जिला मीडिया प्रभारी सिंगरौली नीरज सिंह परिहार ने बताया कि मंत्री जी एवं अध्यक्ष सड़क मार्ग से सुबह 11 बजे चितरंगी पहुंचेंगे तथा विधानसभा कार्यालय में चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक लेंगे। तत्पश्चात चितरंगी से प्रस्थान कर दोपहर 1 बजे जिला कार्यालय बैढ़न पहुंचेंगे तथा सिंगरौली विधानसभा की चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक को संबोधित करेंगे। सिंगरौली विधानसभा की बैठक के पश्चात मंत्री एवं अध्यक्ष रजमिलान पहुंचेंगे तथा विधानसभा कार्यालय में देवसर विधानसभा की चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक को संबोधित करेंगे।
धरातल पर पड़ताल:
प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर इस बार बीजेपी आक्रामक दिखाई दे रही है। हालांकि इंडी गठबंधन की सुगबुगाहट और प्रदेश के प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस की गारंटियों का अब से लगभग एक डेढ़ महीने पहले तक कुछ असर होता दिख रहा था। लेकिन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा घोषित लाडली बहना योजना व अन्य योजनाओं का कुछ कुछ असर दिखाई देने लगा है। कहा जा सकता है कि फिलहाल कांग्रेस बैकफुट पर चली गई है। लेकिन प्रत्याशियों के चयन में सावधानी, जातीय समीकरणों की ट्यूनिंग के साथ ही शिथिल पड़े विचारधारा के लोगों के सम्मान उपयोग की कवायद अत्यंत महत्वपूर्ण होगी।
प्रशासन को चुस्त दुरुस्त करने की भी जरूरत होगी ताकि सीधी के पेशाब कांड और उज्जैन की शर्मनाक घटना जैसी कोई और घटना घटित न हो सके।
