हुआ समझौता या सरकार के कड़े रुख से खत्म हुई हड़ताल ?
State Desk, Newspost, MP.
पिछले 31 दिनों से समयमान व वेतनमान को अपग्रेड करने की प्रमुख मांग को लेकर सम्पूर्ण मध्य प्रदेश में चल रही पटवारियों की हड़ताल आज 32 वें दिन शुक्रवार को मंत्रालय स्तर पर हुए समझौते के बाद समाप्त कर दी गई।
एक ओर सरकार के पक्ष को बताते मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि राजधानी भोपाल सहित पूरे प्रदेश के करीब 19 हजार पटवारी 1 महीने से हड़ताल पर डटे हुए थे। अपनी मांगों के पक्ष में पहले उन्होंने सामूहिक अवकाश लिया था। बाद में सामूहिक हड़ताल पर चले गए थे। बताया गया है कि दो दिन पहले शासन ने प्रदेश के सभी कलेक्टरों को सामूहिक हड़ताल कर रहे पटवारियों पर एक्शन लेने के निर्देश दिए थे। इसके बाद आज पटवारियों ने हड़ताल खत्म कर दी।
दूसरी ओर, इस जानकारी को साझा करते हुए म.प्र. पटवारी संघ भोपाल के प्रांताध्यक्ष उपेन्द्र सिंह बाघेल द्वारा बताया गया है कि विगत दिनों से मुख्यमंत्री, राजस्व मंत्री तथा मुख्य सचिव एवं प्रमुख सचिव के साथ वार्ता की जा रही थी। आज सरकार द्वारा हमारी प्रमुख 5 मांगों को मान लिया गया है।
संगठन ने कहा- इन मांगों पर बनी सहमति:
₹ 2800 पे ग्रेड की मांग के एवज 2400 पर शासन की सहमति बनी है। उक्त से संबंधित फाइल शीघ्र ही राज्य कर्मचारी आयोग को भेज दी जाएगी।
समयमान/वेतनमान के संबंध में शासन की सहमति- प्रथम समयमान पे ग्रेड 2800, द्वितीय 3600 एवं तृतीय 4200 रहेगा।
विशेष भत्ता ₹ 4000/माह स्वीकृत। अन्य हल्कों के विषय में 500 से बढ़ाकर ₹ 1000 किया गया।

संगठन के अध्यक्ष ने द्विपक्षीय समझौता होने के बाद सभी जिले व तहसीलों में हड़ताल पर बैठे पटवारियों को हड़ताल समाप्त कर अपने अपने मुख्यालय पर उपस्थित होने के लिये निर्देशित किया है।
