भाजपा के प्रबुद्ध जन सम्मेलन के मुख्य अतिथि थे पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वाजपेई

News Desk, सिंगरौली, MP.
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राज्य सभा सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेई ने बुद्धिजीवी सम्मेलन को संबोधित करते हुये कहा कि हमारे पास विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता नरेन्द्र मोदी हैं तथा सबसे बड़ी पार्टी होने के कारण हमारे पास कार्यकर्ताओं की शक्ति भी है जिससे हम जीत को सुनिश्चित कर सकते हैं। भारतीय जनता पार्टी सिंगरौली का एक प्रबुद्धजन सम्मेलन दुधीचुआ के सूर्य किरण भवन में रविवार को सम्पन्न हुआ।

सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राज्य सभा सांसद तथा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष उत्तरप्रदेश लक्ष्मीकांत वाजपेई, विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय परिषद के पूर्व सदस्य राम‌बहादुर दुबे एवं वरिष्ठ अधिवक्ता बालमुकुंद शाह उपस्थित रहे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रामसुमिरन गुप्ता ने की।

जिला मीडिया प्रभारी नीरज सिंह परिहार ने बताया कि कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ भारत माता, दीनदयाल उपाध्याय एवं श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ।

कार्यक्रम मे स्वागत उद्बोधन जिलाध्यक्ष राम सुमिरन गुप्ता ने प्रस्तुत किया जिसमें उन्होंने समस्त अतिथियों एवं‌ बुद्धिजीवी वर्ग के आगंतुकों तथा कार्यकर्ताओं का अभिनन्दन किया तथा मुख्य अतिथि का संक्षिप्त परिचय दिया। 

मुख्य अतिथि लक्ष्मीकांत वाजपेई ने अपने उद्बोधन मे कहा कि मैं योगी आदित्यनाथ जी के राज्य उत्तर प्रदेश से आता हूं ये मेरा सौभाग्य है। जब मैं प्रदेश अध्यक्ष था तो भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में लोकसभा की 80 सीटों में 73 सीटें जीती थी और ये‌ संभव हुआ था‌ कार्यकर्ताओं की शक्ति एवं समर्पण से। आज‌ हमारे पास करिश्माई नेतृत्व है। विश्व का‌ सबसे लोकप्रिय नेता नरेन्द्र मोदी जी‌ हमारे प्रधानमंत्री हैं और विश्व के‌ सबसे‌ बड़े राजनीतिक दल होने‌ से‌ हमारे पास कार्यकर्ताओं की शक्ति भी है। ये नेतृत्व और हमारे कार्यकर्ताओं की शक्ति हमारे जीत का मार्ग तय करेगी, आवश्यकता सिर्फ इस बात की‌ है कि हम अपनी सरकारों के किये कार्यों को आम जन को बतायें एवं उनको भाजपा के पक्ष में मतदान के लिये प्रेरित करें। 

देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी एवं मध्यप्रदेश में शिवराज
जी‌ के नेतृत्व एवं कृतित्व में मध्यप्रदेश एवं‌ देश ने‌ हर क्षेत्र में
ऊंचाइयों को छुआ है। देश के इतिहास मे ऐसा पहली बार हुआ कि किसी प्रधानमंत्री के नेतृत्व मे भारतीय सेना ने पाकिस्तान की‌ मांद मे घुसकर आतंकियों को मारा। हम जब‌ विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता थे तब नारे लगाते थे कि जहां हुये बलिदान मुखर्जी वो कश्मीर हमारा है । धन्य हैं नरेन्द्र मोदी जी एवं अमित शाह जी का कृतित्व कि आज धारा 370 तथा 35 ए को खत्म कर कश्मीर को आतंकवाद से मुक्त किया। 

अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर बन रहा है। देश के वैज्ञानिकों ने कोरोना जैसी महामारी का तीन माह‌ टीका विकसित कर विश्व कीर्तिमान गढा़ तथा हमारे प्रधानमंत्री ने देश भर के नागरिकों को निःशुल्क टीके उपलब्ध कराकर उनके प्राणों की रक्षा‌ की। नये एम्स बने, नये हवाई अड्डे बने, भारत की वैश्विक शक्ति में अभूतपूर्व बढ़ोतरी हुई। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना से 80 करोड़ लोंगों को खाद्यान्न उपलब्ध हो रहा‌ है, अंतर्राष्ट्रीय खेलों में मेडलों की झडी़ लगी है। 

साठ के दशक से लंबित महिला आरक्षण बिल भी लोक सभा मे पास हो चुका है। इसी प्रकार शिवराज जी के नेतृत्व मे मध्यप्रदेश पूरे राष्ट्र मे सबसे तेज विकसित होने वाला राज्य बन गया है, सड़कों का जाल बिछ रहा‌ है। विश्व का सबसे बड़ा सौर उर्जा संयंत्र आपके संभाग मे स्थापित है। देश की पहली एक्वा डक्ट टनल आपके संभाग मे बनी है। सांस्कृतिक धरोहर महाकाल लोक का निर्माण शिवराज जी के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ है। लाडली लक्ष्मी योजना और लाडली बहना योजना ने मातृ शक्ति को उसका अधिकार दिया है उन्हें आत्मनिर्भर बनाया है। 

वाजपेई जी ने कहा कि हमारी उपलब्धियां इतनी हैं कि हम बताते रह जाय पर गिनती कम न होगी। आप सभी राष्ट्रवादी बुद्धिजीवी वर्ग के लोग आम जन मानस मे कुछ चुनिंदा उपलब्धियों को बताकर अपने उम्मीदवार को जीत दिला सकते हैं। हमे सिर्फ कमल के फूल को ही अपना उम्मीदवार मानना है। व्यक्ति मायने नहीं रखता। मध्यप्रदेश में हमारी पुनः सरकार बनने जा रही है उसमें आपकी भी भागीदारी हो यही निवेदन करने मैं आपके बीच आया हूं।

कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम प्रभारी अरविंद दुबे ने किया तथा कार्यक्रम का समापन राष्ट्र गान के साथ हुआ। 

कार्यक्रम मे मुख्य रूप से विधायक राम लल्लू वैश्य ,अमर सिंह, सुभाष वर्मा , सीडा अध्यक्ष दिलीप शाह, निगम अध्यक्ष देवेश पांडेय,  वरिष्ठ नेता राजेंद्र द्विवेदी, डाक्टर ओपी राय, डाक्टर डी डी मिश्रा, अश्विनी तिवारी, प्रदीप शाह, कामता केशरवानी, सजन अग्रवाल, संध्या मिश्रा, वरिष्ठ भाजपा नेता रामनिवास शाह, वीरेंद्र गोयल, राजेंद्र मेश्राम, रावेन्द्र देव पांडेय, मीना चौबे, मधु झा, रमाशंकर शाह, भाजपा जिला महामंत्री सुंदरलाल शाह, जिला मंत्री पूनय गुप्ता, मंडल अध्यक्ष संदीप झा, भूपेंद्र गर्ग, भारतेन्दु पांडेय, संदीप चौबे व्यवस्था प्रभारी बिपिन सिंह तथा अन्य कार्यकर्ता एवं बुद्धिजीवी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *