गुरुवार को 10 अभ्यर्थियों ने दाखिल किए नामांकन
चुरहट से 4, सीधी से 4 और सिहावल से 2 नाम निर्देशन भरे गए
Newspost, Election Desk, RB Singh ‘Raaz’, सीधी, MP.
मध्य प्रदेश में नाम निर्देशन पत्र भरने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर ज्यों ज्यों निकट आ रही है विधानसभा चुनाव के प्रत्याशियों में त्यों त्यों नामांकन पत्र भरने की हड़बड़ी देखी जाने लगी है। सिंगरौली में गत गुरुवार को 7 पर्चे जमा कराए गए तो वहीं सीधी जिले के 4 विधानसभा क्षेत्रों में चौथे दिन 10 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। विधानसभा क्षेत्र चुरहट से 4, विधानसभा क्षेत्र सीधी से 4, विधानसभा क्षेत्र सिहावल से 2 उम्मीदवार ने नामांकन पत्र दाखिल किया। विधानसभा क्षेत्र धौहनी में एक भी उम्मीदवार ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया।
इस संबंध में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश शाही ने बताया कि 26 अक्टूबर को नामांकन के चौथे दिन 10 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। विधानसभा क्षेत्र चुरहट से अजय अर्जुन सिंह ने इण्डियन नेशनल कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में, राजेन्द्र प्रसाद पटेल ने समाजवादी पार्टी प्रत्याशी के रूप में, आनंद भैयालाल ने कम्युनिष्ट पार्टी ऑफ इण्डिया के प्रत्याशी के रूप में तथा अनेन्द्र मिश्रा ने आम आदमी पार्टी प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किया।
विधानसभा क्षेत्र सीधी से आदेश कुमार ने जन अधिकार पार्टी के प्रत्याशी के रूप में तथा राम प्रताप यादव ने समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किया।
इसके साथ ही रीती पाठक ने भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी के रूप में तथा केदारनाथ शुक्ल ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पुनः नामांकन पत्र दाखिल किया।
विधानसभा क्षेत्र सिहावल से कमलेश्वर सिंह पटेल ने इण्डियन नेशनल कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किया। इसके साथ ही विश्वामित्र पाठक ने भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी के रूप में पुनः नामांकन पत्र दाखिल किया।
अब तक हुए कुल नामांकन:
इस प्रकार कल 26 अक्टूबर तक विधानसभा क्षेत्र चुरहट से 7 प्रत्याशियों, सीधी से 6 प्रत्याशियों, सिहावल से 5 प्रत्याशियों तथा धौहनी से 2 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम समय सीमा 30 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक है।

अजय सिंह ने दाखिल किया नामांकन पत्र
पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल ने कल गुरुवार को चुरहट विधानसभा क्षेत्र के लिए कांग्रेस पार्टी की ओर से नामांकन पत्र दाखिल किया। उन्होंने सीधी में सादगी पूर्ण तरीके से अपना पर्चा भरा। नामांकन पत्र दाखिल करने के पूर्व अजय सिंह ने अपने पिता स्व. अर्जुन सिंह दाऊ साहब की समाधि पर जाकर उन्हें नमन किया। उसके बाद वो चुरहट में ही अपनी कुल देवी झदवा माता के मन्दिर में गये और वहां पूजा अर्चना की।
नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि चुरहट क्षेत्र की जनता जनार्दन की सेवा मैंने सदैव नि:स्वार्थ भाव से की है। मुझे विश्वास है कि जनता का आशीर्वाद मुझे अवश्य प्राप्त होगा। सिंह ने कहा कि मध्य प्रदेश में परिवर्तन की लहर चल रही है। कांग्रेस की सरकार बनना निश्चित है।
अजय सिंह ने हनुमानगढ़ पहुंचकर स्व. चन्द्रप्रताप तिवारी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद वे अपने चुनावी अभियान के तहत हनुमानगढ़ और झाला में आयोजित बड़ी जन सभाओं को संबोधित करने रवाना हो गए।
