मोरवा थाना के गोरबी चौकी ने उभय पक्षों की दर्ज की रपट,
ग्राम बिरकुनिया के शासकीय माध्यमिक शाला की घटना
News Desk, सिंगरौली, MP.
MP/सिंगरौली जिले के एक शासकीय माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में कथित रूप से बालाओं का कामुक गीत पर अश्लील डांस करने का मामला चर्चा में है।
शिक्षा के मंदिर में दबंगों द्वारा शराब के नशे में भोजपुरी अश्लील गाने बजाकर बालाओं द्वारा डांस कराये जाने का मामला सामने आया है। आरोप लगाया गया है कि वहां के प्रधानाध्यापक द्वारा कुछ सरहंगों के साथ शुक्रवार रात विद्यालय परिसर में ही भोजपुरी अश्लील गाने बजाकर बालाओं का नृत्य कराया जा रहा था।
मामला मोरवा थाना अंतर्गत गोरबी चौकी के ग्राम बिरकुनिया स्थित शासकीय माध्यमिक शाला परिसर का है जहां विद्यालय परिसर में ही पंचायत भवन भी स्थित है। ग्रामीणों की मानें तो शुक्रवार रात करीब 9 बजे विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविंद कुशमाकर उर्फ अनु मास्टर ने अपने सहयोगियों के साथ विद्यालय परिसर में ही डीजे बजवाकर अश्लील गानों पर बालाओं का नाच गाना शुरू कर दिया।
देर रात हो रहे शोर शराबे का जब ग्रामीणों ने विरोध किया तो बात हाथापाई तक पहुंच गई। जिसे वहां मौजूद लोगों ने शांत कराया। बाद में ग्राम पंचायत बिरकुनिया के सरपंच ने घटना की लिखित तहरीर गोरबी चौकी में दी है। जिसमें उन्होंने घटना दिनांक का जिक्र करते हुए यह भी बताया है कि प्रधानाध्यापक के चहेते विद्यालय परिसर के पास अवैध शराब का कारोबार भी करते हैं।
पुलिस अब इस मामले की विवेचना में जुटी है। दूसरी ओर देखना यह होगा कि चुनावी सरगर्मियों के बीच शासकीय विद्यालय परिसर में प्रधानाध्यापक द्वारा कथित रूप से इस प्रकार के कृत को संज्ञान में लेकर शिक्षा विभाग क्या कार्यवाही करता है।
इनका कहना है–
विद्यालय परिसर में अश्लील डांस और विरोध पर दोनों पक्षों में मारपीट का मामला सामने आया है। मामले को संज्ञान में लेते हुए दोनों पक्षों से मिली तहरीर के आधार पर ग्रामीण समेत प्राध्यापक एवं उसके सहयोगियों के विरुद्ध मारपीट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
उप निरीक्षक विनय शुक्ला
चौकी प्रभारी गोरबी.
