छत्तीसगढ़ के सीएम ने प्रबुद्ध जन सम्मेलन से शुरू किया लोकसभा चुनाव प्रचार
Newspost, Elections Desk. @RohitGupta
सिंगरौली, मध्य प्रदेश। लोकसभा चुनावों का शंखनाद हो चुका है और हम पूरी तरह तैयार हैं। बीजेपी विकासवाद की विचारधारा वाली पार्टी है। इस पार्टी में लोकतंत्र है और यह कार्यकर्ताओं की पार्टी है। इसमें समय समय पर चुनाव होते हैं और अध्यक्ष चुने जाते हैं। लेकिन अन्य पार्टियों में राजशाही और परिवारवाद है। वे अपने परिवार के ही किसी सदस्य के हाथ में पार्टी की कमान सौंप देते हैं। यह कहना है पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का। वे शुक्रवार को सिंगरौली जिला मुख्यालय में अटल सामुदायिक भवन में आयोजित प्रबुद्ध जन सम्मेलन को संबोधित करते हुए बोल रहे थे।
प्रधानमंत्री मोदी की उपलब्धियों का किया गुणगान

सीएम श्री साय ने अपने 18 मिनट के उद्बोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल की उपलब्धियों का गुणगान किया। उन्होंने कहा कि भारत का वैश्विक स्तर पर सम्मान बढ़ा है। आज ऐसा कोई देश नहीं है जहाँ लोग मोदीमय न हों। सीएम श्री साय ने आगे कहा कि 2014 से पूर्व भारत की इकोनॉमी विश्व में 11 वें स्थान पर थी। लेकिन केंद्र में मोदी जी की बीजेपी की सरकार बनने के महज 10 वर्ष में भारत विश्व की 5 वीं बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। इसे निकट भविष्य में टॉप थ्री देशों की सूची में लाने के साथ 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने का मोदी जी का संकल्प है।
उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास व सबका विश्वास की थीम पर बीजेपी कार्य करती है। सीएम श्री साय ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब मध्यप्रदेश व छत्तीसगढ़ राज्य विकसित होंगे। राज्यों को विकसित बनाने के लिए प्रबुद्धजनों को आगे आना पड़ेगा।
भाजपा ही साधारण कार्यकर्ता को देश का पीएम और प्रदेश का सीएम बनाती है
सीएम श्री साय ने कहा कि विश्व की सबसे बड़ी बीजेपी पूरी तरह से लोकतांत्रिक पार्टी है जहां अध्यक्ष चुने व बदले जाते हैं और पार्टी में एक साधारण कार्यकर्ता देश का पीएम व प्रदेश का सीएम बनता है। सीएम श्री साय ने स्वयं अपना उदाहरण दिया। पार्टी ने उन्हें विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री, दो दो बार प्रदेश अध्यक्ष व अब छत्तीसगढ़ का सीएम बनाया है। परिवारवाद पर प्रहार करते हुए उन्होंने कांग्रेस, सपा व अन्य पार्टियों को आड़े हाथ लिया और कहा कि यह पार्टियां राजतंत्र की विचारधारा पर चलती हैं। इनमें इनके परिवार का ही कोई सदस्य अध्यक्ष व प्रमुख पद पर रहता है।
अविभाजित मध्यप्रदेश में 1990 में आये थे सिंगरौली
सीएम श्री साय ने कहा कि मैं किसी दूसरे प्रदेश में नहीं आया बल्कि मैं तो अपने ही प्रदेश में हूँ। सिंगरौली व चितरंगी के वरिष्ठ विधायक द्वय स्व रामचरित्र व जगन्नाथ सिंह को याद करते हुए बताया कि 1990 जब वह एक छोटे से कार्यकर्ता से महज 26 वर्ष की उम्र में विधायक बने थे, तब वे सिंगरौली में स्वर्गीय विधायकों के साथ पार्टी का कार्य किये हैं। कहा कि 2000 में मध्यप्रदेश का बंटवारा हो गया, लेकिन दोनों राज्यों में आज भी आत्मीय संबंध है। छत्तीसगढ़ छोटा भाई है और दोनों राज्यों के लोगों के एक दूसरे के यहां बराबर व्यवहारिक व पारिवारिक संपर्क है। इस दौरान मध्यप्रदेश व छत्तीसगढ़ में बीजेपी संगठन को मजबूती से खड़ा करने वाले स्व कुशाभाऊ ठाकरे को याद करते हुए कहा कि उन्होंने मध्यप्रदेश व छत्तीसगढ़ के एक एक कार्यकर्ता व एक एक घर जाकर पार्टी की विचारधारा को पहुंचाया। अंत मे सीएम श्री साय ने अबकी बार फिर मोदी सरकार और चार सौ के पार का नारा दिया और यह सीट जिताने की अपील की। इससे पूर्व राज्य मंत्री राधा सिंह व प्रदेश महामंत्री शरतेन्दु तिवारी, सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह व जिलाध्यक्ष राम सुमिरन गुप्ता ने भी प्रबुद्ध जन सम्मेलन को संबोधित किया।
इनकी रही उपस्थिति
प्रबुद्ध जन सम्मेलन में देवसर विधायक राजेन्द्र मेश्राम, ननि अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, सीड़ा अध्यक्ष दिलीप शाह, पूर्व विधायक रामलल्लू वैश्य, सुभाष वर्मा, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ जिला संयोजक विनोद दुबे, पूर्व महापौर प्रेमवती खैरवार, महिला मोर्चा की अध्यक्ष सीमा जायसवाल, आशा गुप्ता, महिला मोर्चा मंडल सिंगरौली की अध्यक्ष नम्रता सिंह सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी व प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे। सम्मेलन का सफल संचालन सुंदरलाल शाह ने तथा आभार प्रदर्शन अरविंद दुबे ने किया।
