घटना की जानकारी के बाद सीएम मोहन यादव ने एसटीएफ को सौंपी है जांच
Newspostg, MP State Desk, Sidhi, MP.
मध्य प्रदेश का सीधी जिला फिर सुर्खियों में है। गत शनिवार को आईजी रीवा ने डीआईजी रीवा जोन व सीधी एसपी की उपस्थिति में पीसी कर एक ऐसी घटना को उजागर किया था जो कल्पना से परे थी। कुछ शातिर युवकों ने अपनी काम वासना की तृप्ति के लिये हाईटेक योजना बनाई और मैजिक वॉइस एआई ऐप की सहायता से मोबाइल पर अपनी आवाज को बदलकर महिला का कर दिया। फिर स्वयं को मैडम/ महिला टीचर बताकर आदिवासी छात्राओं को छात्रवृत्ति देने का झांसा देकर बुलाया। यह खेल 7 युवतियों के साथ खेला गया और एकांत में ले जाकर उन सभी को आरोपियों ने अपनी वासना का शिकार बनाया था। घटना के मुख्य आरोपी बृजेश प्रजापति सहित चार आरोपियों को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं इस घटना के संज्ञान में आते ही मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने एसटीएफ को यह प्रकरण सौंपने हेतु त्वरित निर्देश दिया था। शनिवार को ही पुलिस प्रशासन की टीम मुख्य आरोपी बृजेश प्रजापति के गांव नौगंवा दर्शनसिंह पहुंची और आरोपी के घर पर बुलडोजर कार्रवाई की है।
क्या है यह चर्चित घटना:
इस पूरी घटना के बारे में बताया गया है कि आवाज बदलने (मेल/फीमेल) वाले मैजिक वॉइस एप के जरिए तीन आरोपियों ने महिला टीचर बनकर कॉलेज की 7 से अधिक लड़कियों को स्कॉलरशिप देने के लिए दस्तावेज सहित बुलवाया और आधा दर्जन से अधिक लड़कियों को अपनी हवस का शिकार बनाया। सभी पीड़ित छात्राएं एसटी वर्ग की बताई गई हैं। आरोपी मोबाइल ऐप के जरिए स्वयं को रंजना मैडम के नाम से छात्राओं से बात करते थे और उन्हें झांसा देकर स्कॉलरशिप दिए जाने की बात कहकर सभी दस्तावेज भी मंगवाते थे ताकि छात्राएं उनके झांसे में आ जाएं और उन्हें किसी प्रकार की शंका न हो।
आधा दर्जन से अधिक छात्राओं को बनाया शिकार
अभी इस मामले में 7 छात्राओं के साथ इस प्रकार की घटना का खुलासा हुआ है। संभावना यह भी है कि इन आरोपियों के जाल में कुछ और भी लड़कियां किसी न किसी रूप में फंसी होंगी। पुलिस विवेचना और पूछताछ के बाद अन्य अपराधों का भी खुलासा हो सकता है। बताया गया है कि आरोपियों द्वारा सुनसान जगह पर लड़कियों को बुलाया जाता था। शक ना हो इसके लिए छात्राओं को बता देते थे कि उन्हें लेने के लिए एक लड़का बाइक से आएगा और शिक्षक के पास पहुंचा देगा। ऐसे में लड़कियां बदमाशों के झांसे में आ जाती थी इसके बाद आरोपियों द्वारा लड़कियों के साथ दुष्कर्म किया जाता था।
लड़कियों ने दिखाई हिम्मत, पुलिस ने कसा शिकंजा
ऐसे मामले लोक लाज व समाज के भय से पुलिस तक कम ही पहुंचते हैं, लेकिन इस घटना में एक छात्रा हिम्मत जुटाकर पुलिस तक पहुंच गई। पीड़ित युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों का लोकेशन ट्रेस किया और बारी बारी से सभी आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गये। पुलिस की पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने 7 लड़कियों के साथ दुष्कर्म करने की बात कबूली है। इस घटना में अब तक चार छात्राओं ने मामला भी दर्ज करवा दिया है। पकड़े गए आरोपियों से पुलिस अभी पूछताछ कर रही है पीड़ित लड़कियों की संख्या अभी और बढ़ सकती है। दूसरी ओर इस घटना की जानकारी मिलते ही सीएम मोहन यादव ने तत्काल इस प्रकरण को एसटीएफ को सौंपने हेतु निर्देशित किया था।
