🔸तीन लाख 65 हजार करोड़ के भारी भरकम बजट से सिंगरौली व प्रदेश का होगा चहुंओर विकास
•Newspost, State Desk-MP. A. Anand.
वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिये मध्यप्रदेश सरकार का ये बजट हर मायने में ऐतिहासिक है। पहली बार प्रदेश सरकार के वित्तीय बजट में 16 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई है। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के मंशानुरूप इस बजट को बनाने में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव जी एवं वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा जी तथा शासन एवं प्रशासन की उनकी टीम ने गहन चिंतन किया है। इस बजट में जन आकांक्षाओं को ध्यान में रखा गया है। यह कथन भारतीय जनता पार्टी सिंगरौली के जिलाध्यक्ष राम सुमिरन गुप्ता का है।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि प्रदेश सरकार के 3 लाख 65 हजार करोड़ के विशालकाय बजट में समाज तथा प्रदेश के हर वर्ग के लिये सर्वोन्मुखी विकास को ध्यान में रखा गया है। समाज का कोई भी वर्ग बजट के प्रावधानों से वंचित नहीं है। महिला, युवा, किसान, गरीब, आदिवासी, हरिजन, उद्योग, व्यापार, शिक्षा, अधोसंरचना, चिकित्सा, संस्कृति एवं धर्म के साथ साथ प्रदेश एवं समाज की प्रत्येक इकाई को बजट में स्थान दिया गया है।
जिलाध्यक्ष श्री गुप्ता ने बताया कि बहुप्रतीक्षित विंध्य एक्सप्रेस वे जो कि राजधानी भोपाल से सीधे सिंगरौली को जोड़ेगी उसका इस बजट में प्रावधान किया गया है। जिले की मुख्यतः तीनों विधानसभा क्षेत्रों में प्रस्तावित विभिन्न योजनाओं को बजट में स्थान मिला है। मयार नदी पर दो पुलों के प्रस्ताव को मंजूरी मिली है जो कि सिंगरौली व देवसर दोनों विधानसभा क्षेत्रों को लाभान्वित करने जा रही है। देवसर विधानसभा के माडा, खुटार, सरई, एवं गड़हरा में सीएम राइज स्कूलों के स्थापना के लिये इस बजट में प्रावधान किया गया है। हवाई यातायात को नियमित करने की भी योजना बनाई जा रही है, कई नई सड़कें मंजूर हुईं हैं तथा पुरानी प्रधानमंत्री सड़कों के उन्नयन का प्रावधान इस बजट में किया गया है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि कुल मिलाकर ये बजट प्रदेश और जिले के विकास को नई गति देने वाला है। यह जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी नीरज सिंह परिहार ने प्रेस नोट के माध्यम से साझा की है।
