📌कोनी गांव में हुई अंधी हत्या की गुत्थी को सुलझाने का पुलिस ने किया दावा, आरोपी गिरफ्तार

Newspost, Regional Desk. सिंगरौली 6 जून 2024.

सिंगरौली, मध्य प्रदेश के सरई थानांतर्गत कोनी गांव में 27 मई को रात के अंधेरे में घर से बाहर सो रहे मोहित बसोर की हुई निर्मम हत्या चर्चा में थी। इस हत्याकांड की अंधी गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लेने का दावा करते हुये मृतक की पत्नी के प्रेमी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। इस अंधी हत्या के गुत्थी को सुलझाने में टीआई सरई ज्ञानेन्द्र सिंह ने उल्लेखनीय भूमिका रही।

घटना पर एक नज़र:

बीती 27 मई की रात ग्राम कोनी निवासी मोहित बसोर पिता जियालाल बसोर उम्र 30 वर्ष की घर के बाहर अज्ञात हत्यारे ने धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी थी। पुलिस अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर एसपी निवेदिता गुप्ता, एएसपी एवं एसडीओपी के निर्देश पर तीन अलग-अलग टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश में जुट गई। सरई टीआई ज्ञानेन्द्र सिंह के अनुसार इस घटना के संबंध में तकरीबन 10 संदेहियों से पूछताछ की गई। इसी बीच पुलिस अधीक्षक निवेदिता गुप्ता एवं एएसपी शिव कुमार वर्मा ने भी घटना स्थल पहुंच अवलोकन कर आवश्यक दिशा निर्देश दी और जांच पड़ताल तेज कर दी गई। आगे बताया कि एसडीओपी देवसर एवं सरई पुलिस टीम के द्वारा लगातार 6-7 दिन ग्राम कोनी में सिविल ड्रेस एवं वर्दी में रहकर कैम्प किया गया एवं अज्ञात आरोपी की पता-तलाश के लिए कड़ी मेहनत की गई। विवेचना के दौरान पता चला कि मृतक मोहित बसोर की पत्नी त्रिशुला बसोर के संबंध ग्राम रैला चौकी बंधौरा थाना माड़ा के रहने वाले मिथुन बसोर पिता कृपानाथ बसोर से हैं। मिथुन की ससुराल ग्राम कोनी में मृतक के घर के पड़ोस में है। जब त्रिशुला अंबाला में अकेली रहती है तो मिथुन बसोर उससे मिलने अंबाला जाया करता था। जहां दोनों के बीच गहरी दोस्ती हो गई थी। मिथुन बसोर अंबाला में होटल में त्रिशुला बसोर से मिलता था। एक बार होटल में त्रिशुला बसोर के साथ मारपीट एवं तोड़फोड़ भी किया था। त्रिशुला बसोर के पति मोहित बसोर एवं उसके परिजनों को जब यह बात पता चली तो त्रिशुला को समझाया गया कि मिथुन से बात मत करो। तब त्रिशुला ने मिथुन को बात न करने एवं संबंध खत्म करने के लिए बोला भी था। लेकिन त्रिशुला की दीवानगी में पागल मिथुन बसोर किसी भी सूरत में उसे खोना नहीं चाहता था। फलत: त्रिशुला के चक्कर में उसने मोहित को रास्ते से हटाने के लिए ठान लिया। 

कार्यवाही में इनकी रही भूमिका-

उक्त कार्रवाई में एसडीओपी देवसर राहुल कुमार सैयाम, निरीक्षक ज्ञानेन्द्र सिंह, उनि मनोज सिंह, उनि बीएल बंसल, उनि सूर्यपाल सिंह , उनि बालेन्द्र त्यागी, सउनि पुष्पा गिरि, सउनि कमलेश प्रजापति, प्रआर दिलेन्द्र यादव, प्रआर विजय तिवारी, प्रआर हरिभजन सिंह, आर मोहित सिंह, आर अशोक यादव, रवि शंकर तिवारी, आर सदन यादव, आर शिवम पाटकार, आर अवध किशोर, आर धन सिंह, आर शिवभान सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

शाम से ही घात लगाए छिपा बैठा था आरोपी

पुलिस ने बताया की आरोपी शाम को अपने मोटर सायकल से अपने गांव से ग्राम कोनी आया और रात्रि 1 बजे तक सरई बायपास रोड में निर्माणाधीन पुल के नीचे छिपा रहा। रात्रि 1 बजे के लगभग वह मोहित बसोर के घर पैदल चलकर पहुंचा। वहां मोहित बसोर को घर के बाहर अकेला सोता हुआ देखकर बांस काटने वाले औजार बांकी को गहरी नींद सो रहे मोहित के गले में घोंप दिया। इससे मोहित बसोर थोड़ा छटपटाया फिर शांत हो गया। जब उसे लगा कि मोहित बसोर मर गया है तब वहां से भाग कर अपने घर रैला आ गया। विवेचना के दौरान आरोपी मिथुन बसोर पिता कृपानाथ बसोर उम्र 33 वर्ष निवासी रैला थाना माड़ा से घटना में प्रयुक्त औजार एवं मोटर सायकल बरामद किया गया एवं आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।

•टी‌आई ज्ञानेन्द्र सिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *