विंध्यनगर मार्ग में स्थित एसी गोदाम में भड़की आग, फ्रेऑन गैस फैलने से अग्निशमन कार्य में आ रही बाधा
Newspostg, Regional Desk.
विंध्यनगर, मध्य प्रदेश। सिंगरौली जिले के विंध्यनगर मार्ग पर स्थित यूसी प्लाजा के बगल में बंसल टायर के पीछे एसी गोदाम में शनिवार, 01 जून की शाम अचानक आग भड़क गई। सूचना मिलने पर मौके पर ननि, एनसीएल, एनटीपीसी विंध्यनगर के 7 दमकल पहुंचे और युद्धस्तर पर आग पर काबू पाने के लिए कवायद शुरु किया गया। रात 9 बजे तक प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग पर पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका था।
घटनास्थल पर एसडीएम सृजन वर्मा, ननि आयुक्त के अलावा विंध्यनगर टीआई व पुलिस स्टाफ डंटे हुये थे। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि विंध्यनगर मार्ग के नवजीवन विहार स्थित अरविंद रेफ्रिजरेशन हिन्दवेयर मार्ट के फ्रिज व एसी के गोदाम में अचानक आग भड़क उठी। बताया गया है कि दुकान के अंतिम मंजिल के कमरे में सतीश नामक व्यक्ति सो रहा था। अचानक उसकी नींद खुली और पीछे धुआं देखकर शोर शराबा करने लगा। जब तक लोग स्थिति को समझते तब तक आग पूरी तरह से भड़क उठी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही विंध्यनगर पुलिस एवं एनटीपीसी विंध्याचल के सीआईएसएफ के जवान घटनास्थल पर पहुंचे और ऊपरी मंजिल में फंसे सतीश बाबरी को सुरक्षित नीचे उतारा। वहीं गोदाम के पीछे चारों ओर धुंए का गुबार छाया हुआ था। आस पास के रहवासियों में हड़कंप की स्थिति बन गई थी। मौके पर दमकल की 7 गाड़ियां पहुंची थीं और फायर फाइटर्स आग बुझाने के प्रयास में लगे थे। पुलिस के अनुसार एसी एवं फ्रिज के ब्लास्ट होने से उनकी फ्रेऑन गैस के फैलने से धुआं तेजी से उठ रहा है जिससे आग बुझाने में बाधा आ रही है। आग आगे न बढ़े इसके लिए हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं। आगजनी की इस घटना से किसी प्रकार की जन हानि की खबर नहीं है।
मौके पर ये रहे मौजूद...
मौके पर एसडीएम सृजन वर्मा, ननि आयुक्त डीके शर्मा, तहसीलदार रमेश कोल, ननि कार्यपालन यंत्री व्हीपी उपाध्याय, थाना प्रभारी शिवपूजन मिश्रा, एएसआई सुनिल दुबे के अलावा ननि अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, एनटीपीसी विंध्याचल के सीआईएसफ जवान व विंध्यनगर थाने का स्टाफ मौजूद था।
