📌रीवा से हुई गिरफ्तारी, न्यायालय द्वारा भेजा गया जेल, पार्टी ने किया निष्कासित
Newspost, MP Regional Desk. RB Singh ‘Raaz’.
सीधी, मध्य प्रदेश। जिले के भाजपा नेता अजीत पाल सिंह चौहान को नगर की एक प्रमुख नेत्री के साथ दुष्कर्म एवं ब्लैकमेलिंग के मामले में अंततः सीधी पुलिस ने बीते सोमवार की रात रीवा से गिरफ्तार किया गया। दूसरे दिन कल मंगलवार को जिला न्यायालय में पेश किया गया जहां से अदालत ने आरोपी को जिला जेल पड़रा भेज दिया है।
इन आरोपों में हुई गिरफ्तारी
मिली जानकारी के अनुसार अजीत पाल सिंह चौहान के विरुद्ध नगर की प्रतिष्ठित महिला के साथ छेड़खानी एवं दुष्कर्म के अलावा ब्लैकमेलिंग करने का भी मामला कोतवाली थाना में दर्ज हुआ है। अजीत पाल सिंह चौहान के विरुद्ध कोतवाली थाना में उपरोक्त आरोपों की लिखित रिपोर्ट काफी समय से जांच में लंबित थी। जिसमें नगर की प्रतिष्ठित महिला नेत्री के साथ दुष्कर्म के अलावा पैसा भी ऐंठने के आरोप थे। बावजूद इसके पुलिस की तरफ से कोई कार्यवाही नहीं हो रही थी। लेकिन इस मामले में वरिष्ठ अधिवक्ता के माध्यम से शिकायत के बाद कार्यवाही हुई और आज जेल की हवा खानी पड़ी।

आरोपी के विरुद्ध इन धाराएं में दर्ज है केस
पूरे मामले में कोतवाली पुलिस द्वारा आरोपी अजीत पाल सिंह चौहान निवासी डैनिहा के ऊपर धारा 64 (1), 308(5), 296, 251(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर कार्यवाही की गई है। जिसमें दुष्कर्म करने सहित ब्लैकमेलिंग कर राशि आहरित करने पर भी कार्यवाही हुई है।
जानकारी देने के नाम पर पुलिस का परहेज समझ से परे
पूरे मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक, एडिशनल एसपी एवं कोतवाली पुलिस से जब मीडिया के लोगों द्वारा जानकारी लेना चाही गयी तो सबके सब जिम्मेवार लोग जो हर छोटी बड़ी घटना पर मीडिया कर्मियों को ढूंढ ढूंढकर प्रेस कांफ्रेंस कर जानकारी देने की होड लगाए रहते हैं, वे सब इस मामले में जानकारी देने के नाम पर भारी संकोच और बैक फुट पर भागते हुए नजर आए। यह प्रेस मीडिया के लिए समझ से परे था। यहां तक कि एडिशनल एसपी ने कहा कि हम मोबाइल से जानकारी नहीं देंगे। कुल मिलाकर पुलिस द्वारा कार्यवाही तो की गई लेकिन जानकारी देने के नाम पर वही पुलिस ऐसा परहेज करते हुए दिखाई दी जैसे उसने कार्यवाही के नाम पर कोई गुनाह कर दिया हो और उसे वो छुपाना चाहती हो।
भाजपा ने अजीत पाल को किया निष्कासित
इस गिरफ्तारी के उपरांत भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष देवकुमार सिंह ने अजीत पाल सिंह चौहान डैनिहा सीधी को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से कल मंगलवार को निष्कासित कर दिया है। जारी पत्र में कहा गया है कि मीडिया रिपोर्ट एवं पुलिस द्वारा विभिन्न धाराओं में गिरफ्तार किये जाने से पार्टी की छवि धूमिल हुई है। अतः प्रदेश अध्यक्ष वी.डी. शर्मा की अनुमति से भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित किया जाता है।
