📌 जिले भर में लगातार हो रही चोरियों के बीच मोरवा पुलिस ने सेंधमार चोर गिरोह का किया पर्दाफाश

Newspost, Regional-MP Desk.

सिंगरौली, मध्य प्रदेश। औद्योगिक जिले के मोरवा थाने की पुलिस को सेंधमारी व चोरी की बड़ी घटना को उजागर करने में बड़ी सफलता मिली है। विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी की बढ़ी घटनाओं के कारण जिले की पुलिसिंग व्यवस्था पर उठ रहे सवालों के बीच एसपी निवेदिता गुप्ता के निर्देशन, एएसपी शिव कुमार वर्मा व एसडीओ पी कृष्ण कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में मोरवा टीआई कपूर त्रिपाठी ने सेंधमार चोर गिरोह का पर्दाफाश कर दिया। सिंगरौली के ननि वार्ड क्रमांक 8, साईनगर स्थित किराना दुकान में सेंधमारी कर लाखों रुपये के किराना व अन्य सामानों की चोरी की घटना को अंजाम देने वाले लामीदह के शातिर चोर गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार करने में मोरवा पुलिस सफल रही है। एक आरोपी फरार है जिसकी तलाश की जा रही है। गिरोह में एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने चोर गिरोह से 32 नग मोबाईल, किराना व अन्य सामान कुल 5 लाख 10 हजार रुपये के सामानों की जप्ती की है। 

नगर निरीक्षक का कहना-

मोरवा के चर्चित सेंधमारी चोरी की घटना में मोरवा टीआई कपूर त्रिपाठी ने बताया कि घटना दिनांक 25 अगस्त को मेढ़ोली स्थित साईनगर के एक किराना दुकान में अज्ञात चोर गिरोह द्वारा सेंधमारी कर लाखों रुपये की चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। फरियादी विकास गुप्ता पुत्र सुनील गुप्ता उम्र 19वर्ष निवासी चटका चंद्रपुर की सूचना पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। टीआई श्री त्रिपाठी के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों से मार्गदर्शन मिलने के बाद उन्होंने गिरोह का पर्दाफाश करने टीम गठित किया। गठित टीम ने कड़ी मेहनत कर चोरी के चार दिन बाद ही 30 अगस्त को प्रातः चोर गिरोह के सदस्यों को आदर्श गंगा स्कूल मेढ़ोली के पास से गिरफ्तार कर लिया।

TI Morwa PS Kapoor Tripathi briefed the case.

नाबालिग सहित 5 गिरफ्तार, एक फरार, 5 लाख का सामान जप्त

मोरवा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 30 अगस्त की प्रातः सेंधमारी में शामिल शातिर चोर गिरोह के आरोपी लोकनाथ बासोर पुत्र मदन बसोर उम्र 21 वर्ष, पंकज बसोर पुत्र कमलेश बसोर उम्र 19 वर्ष,राजू बसोर पुत्र सुबेलाल बसोर उम्र 19 वर्ष सभी निवासी लामीदह, राजकुमार बसोर पुत्र बालकरण बसोर उम्र 21 निवासी साईनगर मेढोली व एक नाबालिग को घेराबंदी कर दबोच लिया। जबकि एक आरोपी सूरज भारत बसोर पुत्र पूरन बसोर फरार होने मे सफल हो गया। पूछताछ में चोरों ने न केवल सेंधमारी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया बल्कि छठ घाट मोरवा के पहाड़ी में छिपाये गए सामानों के बारे में भी उगल दिया। पुलिस ने किराना दुकान का करीब 3 लाख 10 हजार कीमती सामान तो जप्त किया, साथ ही गिरोह के पास से 2 लाख कीमती विभिन्न कंपनियों के 32 नग मोबाईल भी बरामद हुए हैं।

सुराग के लिए लामीदह के जंगल में दो दिन डाला डेरा

जानकारी के अनुसार विवेचना मे जुटी पुलिस टीम को सुराग मिला कि लामीदह के चोर गिरोह के घरों व दुकानों मे सेंधमारी कर चोरी की घटना को अंजाम देने मे दक्षता है। विवेचना टीम दो दिन तक लामीदह गाँव व जंगल में लगातार 48 घंटे तक डंटी रही। इस बीच टीम को अचानक हो रही बारिश से भी दो चार होना पड़ा। लेकिन जिले भर में लगातार हो रही चोरी से पुलिस के ऊपर उठ रहे सवाल का जवाब देने टीम पन्नी व रेन कोट ओढ़ कर डटी रही। तब जाकर गिरोह के सदस्यों के लोकेशन आदि की जानकारी मिली और 30 अगस्त को माल समेत आरोपी गिरफ्तार किए गए।

इनकी रही भूमिका

चोरी की घटना को उजागर करने में निरीक्षक कपूर त्रिपाठी, उप निरी एनपी तिवारी, भिपेंद्र पाठक,  सहायक उप निरी दयानन्द सिंह, संतोष सिंह, संजीत सिंह, उमेश अग्निहोत्री, प्र आरक्षक संजय सिंह, राहुल सिंह, सुबोध सिंह, पतरंग सिंह, आरक्षक ऋषि सिंह, मगलेश्वर सिंह, सुरेश परस्ते, अमित द्विवेदी एवं थाना सरई से प्रआर केबी सिंह, आरक्षक ओम प्रकाश, धन सिंह, दिव्यम आदि की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

कई थाना क्षेत्र में रोज हो रहीं चोरियां 

कोतवाली सहित नवानगर, देवसर, सरई आदि अधिकांश थाना क्षेत्र मे लगभग प्रतिदिन चोरी की घटनाएं हो रही हैं। उक्त थानों की सुस्त कार्य प्रणाली की वजह से आम लोग अपने जान माल की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। कोतवाली थाना क्षेत्र के गनियारी स्थित पीएम आवास में चोरो ने एक साथ 10 घरों का ताला चटकाया था।

बरगवां पुलिस ने 12 घंटे के भीतर 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गये 2 लाख का मशरूका किया बरामद

सिंगरौली की दूसरी खबर बरगवां थाने से आई है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता गुप्ता के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा व एसडीओपी के.के. पाण्डेय के कुशल मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बरगवां उप निरीक्षक रामजी त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम को चोरी का 12 घंटे के भीतर खुलासा करने में सफलता प्राप्त हुई है।

प्राप्त जानकारी अनुसार बीते गुरुवार को फरियादी राधिका प्रसाद शाह पिता विश्वनाथ शाह उम्र 40 वर्ष निवासी ग्राम कोयलखुथ थाना माड़ा जिला सिंगरौली ने बरगवां थाने में तहरीर दर्ज कराया कि 15-16 अगस्त की दरमियानी रात अज्ञात चोरों द्वारा कमलेश शाह के मकान में लगे लोहे की शटरिंग प्लेट कीमती करीब 2 लाख रुपये का चोरी कर लिया गया है। दिनांक 16.08.24 को प्रातः 10 बजे फरियादी ने देखा था कि शट्रिंग प्लेट नहीं थी, उसने अपने प्लेट के संबंध में मकान मालिक एवं आस पास के लोगों से पूछताछ किया। कोई पता नहीं चलने पर थाना बरगवां में रिपोर्ट की जिस पर अपराध क्र. 721/2024 धारा 331(4), 305(ए) बी.एन.एस. कायम कर विवेचना में लिया गया। 
विवेचना के दौरान हारून खान निवासी भलुगढ़ एवं उसके अन्य साथियों पर संदेह होने पर संदेहियों की तलाश कर पूछताछ की गई। आरोपी हारून खान पिता वैरून खान उम्र 41 वर्ष निवासी ग्राम भलुगढ़, तौसिफ रजा पिता अब्बू तालिब खान उम्र 23 वर्ष निवासी ग्राम समदा थाना बरगवां के बताने पर चोरी का मशरूका बरामद किया गया। आरोपी हारून खान एवं तौसिफ रजा को गिरफ्तार किया गया तथा उसके तीन अन्य साथी शाहरुख खान, विलायत खान, तजबुल खान फरार हैं। जिनकी तलाश जारी है। 
उक्त कार्यवाही में उप निरीक्षक रामजी त्रिपाठी, प्र.आर. अनूप मिश्रा, प्र.आर. अरूणेन्द्र पटेल, प्र.आर. विक्रम सिंह, आर. प्रतीक कुमार की सराहनीय भूमिका रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *