डाक्टर की लापरवाही से बालिका ने तोड़ा दम, चितरंगी पुलिस ने दर्ज किया प्रकरण

Newspost, MP Regional Desk.

सिंगरौली, मध्य प्रदेश। जिले के ब्लॉक मुख्यालय चितरंगी के अस्पताल चौराहा पर संचालित अक्षत पॉली क्लिनिक के संचालक चिकित्सक की लापरवाही के कारण एक 9 वर्षीय बालिका की जान चली गई। चितरंगी पुलिस ने मृतका के परिजनों की इस आशय की तहरीर पर आरोपी डाक्टर के विरुद्ध मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

घटना के संबंध में स्थानीय पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, सिंगरौली पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता गुप्ता के कुशल निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा व एसडीओपी चितरंगी आशीष जैन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुरेंद्र यादव के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आरोपी को उत्तर प्रदेश भागने से पूर्व ही गिरफ्तार कर लिया।

ऐसे घटी घटना

गत शुक्रवार, 30 अगस्त को मृतका कुमारी आँचल साकेत के पिता लालता प्रसाद साकेत निवासी ग्राम गोड़हा थाना चितरंगी व उनके परिवार के अन्य सदस्यों ने चितरंगी थाने में तहरीर दी कि लड़की कुमारी आंचल साकेत की तबीयत बुधवार को रात्रि करीब 11 बजे खराब हुई। उसे उपचार के लिए गुरुवार प्रातः 4.30 बजे चितरंगी स्थित अक्षत पॉली क्लीनिक में डॉक्टर को दिखाया गया। वहाँ डाक्टर ने लड़की आंचल साकेत को अपने क्लीनिक में भर्ती कर खून की जांच की। सुबह 11.30 पर रोगी लड़की को ऑक्सीजन की जरूरत पड़ी तो डाक्टर ने कहा- मेरे क्लीनिक में ऑक्सीजन नहीं है। तब परिजनों ने तुरंत बालिका को उठाकर सरकारी अस्पताल चितरंगी में भर्ती कराया। वहां 12 बजे ऑक्सीजन लगते ही बालिका की मौत हो गई। 

प्रकरण दर्ज कर चिकित्सक को किया गिरफ्तार

उक्त मामले में परिजनों की रिपोर्ट पर अक्षत पॉली क्लिनिक के डाक्टर को लापरवाही के लिये जिम्मेदार मानते हुए मर्ग क्रमांक 105/24 धारा 194 बीएनएस कायम कर जांच में लिया गया एवं  आरोपी डाक्टर आशुतोष मिश्रा पिता राजकुमार मिश्रा उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम चौकिया थाना चुनार जिला मिर्जापुर को गिरफ्तार किया गया। वहीं डाक्टर द्वारा चलाए जा रहे क्लिनिक को भी पुलिस ने सील कर दिया। पुलिस की मानें तो आरोपी डाक्टर भागने की फिराक में था जिसे समय रहते दबोच लिया गया।  

उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी सुरेंद्र यादव, उनि राममिलन तिवारी, मउनि उमेश तिवारी, आर०मुकेश पांडेय, भैयालाल यादव एवं नंदलाल यादव की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *