क्षेत्रीय प्रदूषण विभाग की भी कार्यक्रम में रही सहभागिता

Newspostg, Corporate Desk. A. Anand

सिंगरौली, मध्य प्रदेश। हिंडालको महान के पर्यावरण विभाग और मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने संयुक्त तत्वावधान में भूमि की उर्बरा शक्ति को पुन: स्थापित करने के साथ ही पर्यावरण के संतुलन को बनाए रखने के लिए अच्छी पहल की है। ग्राम बड़ोखर में कार्यशाला आयोजित कर भूमि पुनर्स्थापन, मरुस्थलीकरण और सूखे से निपटने की क्षमता को बेहतर सुझावों पर जल्द काम करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में उपयंत्री मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अरविन्द सांवले ने बताया कि हम सभी को पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में काम करना है। जल को प्रदूषित होने से बचाने के साथ ही प्लास्टिक के बढ़ते उपयोग को भी कम करना होगा।

कार्यक्रम में हिंडालको महान के पर्यावरण विभाग से डा. विनोद कुमार ने सभी को पर्यावरण अनुकूल आदतों को अपनाने की शपथ दिलाई। साथ ही प्रदूषण व पर्यावरण से सम्बंधित प्रश्रोत्तरी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने बढ़ चढ़कर भाग लिया और सवालों के जबाब भी दिये, जिसमें उन्हें पुरस्कार स्वरूप जूट बैग दिये गये।

कार्यक्रम में प्लास्टिक का प्रतिकार, भूमि पुनर्स्थापन, मरुस्थलीकरण और सूखे से निपटने के सुझावों पर नुक्कड़ नाटक और संगीत के माध्यम से लोगों को समझाया गया। जिसमें अशोक पाण्डेय की संगीत व नुक्कड़ नाटक मंडली ने बेहतरीन मंचीय प्रस्तुति दी। इस कार्यशाला में लोगों को बताया कि हम सभी को पर्यावरण संरक्षण अंतर्गत जल को प्रदूषित होने से बचाना है, साथ ही प्लास्टिक व पॉलीथिन के बढ़ते उपयोग को कम करना है। गीले तथा सूखे कचरे को अलग अलग रखें, जिससे की दोबारा उपयोग हेतु कचरे का पुनः चक्रीकरण किया जा सके तथा गीले कचरे से कंपोस्ट बनाया जा सके।

कार्यक्रम के अंत में हिंडालको महान के सुरक्षा प्रमुख रिटायर्ड कर्नल गौरव चतुर्वेदी व सीएसआर प्रमुख संजय सिंह ने प्रदूषण विभाग के उप यंत्री अरविन्द सांवले को सम्मान प्रतीक देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में पर्यावरण विभाग से मोहितेंद्र, प्रदीप द्विवेदी व सीएसआर विभाग से बीरेंद्र पाण्डेय का विशेष योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *