ओल्ड सीएचपी की ऊंचाई से गिरे थे संविदा कर्मी

Newspostg, Corporate Desk.

सिंगरौली, मध्य प्रदेश। एनसीएल की मेगा परियोजनाओं में शुमार दुधीचुआ प्रोजेक्ट की कोयला खदान में बुधवार को सुबह लगभग साढ़े 11 बजे हुए एक बड़े हादसे में संविदा एजेंसी के दो वेल्डरों की दर्दनाक मौत हो गई। यह दुर्घटना अप्रत्याशित थी। इस घटना ने एनसीएल की खदानों में कार्यरत सभी कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर कंपनी की संजीदगी पर एक बार फिर से प्रश्नचिन्ह लगा दिया है। हाल के दिनों में एनसीएल की परियोजनाओं में कई दुर्घटनाएं हुई हैं। इनमें ब्लॉक बी एवं निगाही परियोजना में हुई दुर्घटनाओं में भी कई कर्मचारियों की जान जा चुकी है। श्रमिक संगठनों ने इन घटनाओं को कंपनी प्रबंधन द्वारा सुरक्षा के प्रति बरती गई लापरवाही का नतीजा बताया था।

कैसे हुई यह अनहोनी:

बुधवार को सुबह लगभग साढ़े 11 बजे नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) की दुधिचुआ परियोजना के ओल्ड सीएचपी के अनुरक्षण व रखरखाव के कार्य के लिए नियोजित मेसर्स भास्कर एंटरप्राइजेज के दो वेल्डर बिरसा ओरांव व सुखराम फ़ायर हाइड्रेंट (अग्नि रोधी संयंत्र) में वेल्डिंग का कार्य कर रहे थे। बताया गया है कि ऊंचाई पर वेल्डिंग कर रहे इन संविदा कर्मचारियों का संतुलन अचानक बिगड़ गया और वे तेजी से नीचे गिर गए। इस दुर्घटना के समय मौके पर मौजूद लोगों द्वारा बुरी तरह से घायल कर्मचारियों को नेहरू शताब्दी चिकित्सालय ले जाया गया जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 

एनसीएल ने आधिकारिक वक्तव्य में जताई संवेदना-

'दुधिचुआ में सीएचपी का रिपेयर- मेंटेनेंस का कार्य कर रही मैसर्स भास्कर एंटरप्राइज़ के दो संविदा कर्मी बिरसा ओराँव उम्र 35 व सुखराम उम्र 49 का दुखद निधन हो गया। ओल्ड सीएचपी के फ़ायर हाइड्रेंट में वेल्डिंग का कार्य करते समय ये दोनों नीचे गिर गए जिससे उनकी दु:खुद मृत्यु हो गई। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर एनसीएल प्रबंधन गहरा शोक प्रकट करता है व इस दुःख की घड़ी में हम उनके परिवारजनों व शुभेक्षुओं के साथ मजबूती से खड़े हैं।'

“दिवंगत कर्मियों के समस्त प्रतिकर के शीघ्र भुगतान की नियमानुसार व्यवस्था की गई है। घटना की जानकारी सुरक्षा संबंधी नियामक संस्था ‘डीजीएमएस’ को दी जा चुकी है। इसके साथ ही एनसीएल भी घटना की उच्च स्तरीय जांच करवा रही है।”

• राम विजय सिंह, जन संपर्क प्रमुख, एनसीएल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *