आवासीय विद्यालयों की व्यवस्था पर उठने लगे सवाल, घटना से मचा हड़कंप, जाँच में जुटी है पुलिस
- newspostglobal.com
Newspost, MP State Desk.
सिंगरौली, मध्य प्रदेश। प्रदेश के धुर पूर्वोत्तर उत्तर प्रदेश व छत्तीसगढ़ राज्य की सीमा पर स्थित है सिंगरौली जिला। वैसे तो यह जिला अनेक कारणों से चर्चा में बना ही रहता है, लेकिन सरई तहसील व थाना क्षेत्र के एक आवासीय कन्या विद्यालय (Residential Girls School) के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही एक 14 वर्ष छात्रा के मां बनने का मामला सामने आते ही प्रदेश भर में, खासकर शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। यह घटना शुक्रवार, 21 मार्च को जाहिर हुई। शुक्रवार की दोपहर में छात्रा ने सामुदायिक चिकित्सालय में बच्चे को जन्म दिया। इस जानकारी के बाद से ही शिक्षा विभाग, तहसील व जिला प्रशासन के साथ साथ प्रदेश में हड़कंप मच गया है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस नाबालिग छात्रा सहित हॉस्टल स्टाफ एवं उसके घर वालों से पूछताछ कर तथ्य जुटाने में लग गई है।
सूत्रों के अनुसार सरई तहसील में संचालित गर्ल्स हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करने वाली, कक्षा 8वीं की, लगभग 14 वर्षीय एक छात्रा ने बच्चे को जन्म दिया है। छात्रा के माता पिता ने उसकी असामान्य शारीरिक स्थिति के कारण, आज, शुक्रवार को सुबह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरई में भर्ती कराया था। जहां दोपहर में उक्त छात्रा ने एक बच्चे को जन्म दिया। चिकित्सक ने बताया कि जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। चिकित्सकों की निगरानी में इलाज हो रहा है।
पुलिस का कहना- सेंसिटिव है यह मैटर
सरई थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह भदौरिया ने इस मामले की जानकारी मिलने पर हॉस्टल के वॉर्डन, स्टाफ व घर के लोगों से पूछताछ का सिलसिला शुरू कर दिया है। पुलिस का कहना है कि छात्रा से भी पूछताछ की गई। लेकिन वह सही ढंग से कुछ बता नहीं पाई। पुलिस अब अज्ञात लोगों के नाम मामला दर्ज कर जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि यह बेहद सेंसिटिव मामला है। हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आरोपी कोई बाहर का व्यक्ति है या छात्रावास का कोई स्टाफ या फिर कोई प्रेमी है? पुलिस द्वारा कई एंगल से जांच की जा रही है।
एसडीओ पुलिस का कहना-
“सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सरई से सूचना मिली कि एक नाबालिक बालिका प्रसव कराने आई हुई है। इसकी सूचना पुलिस को मिलते ही महिला पुलिस अस्पताल पहुंची। जहां नाबालिक बालिका ने बच्चे को जन्म दिया है। करीब 6 महीने पूर्व किसी एक अज्ञात व्यक्ति के साथ संबंध बना हुआ है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।”
🔸 राहुल कुमार सैयाम, सब डिविजन ऑफीसर (पुलिस), देवसर
