📌 लड़की ने भागकर बचाई अपनी जान, मोरवा पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी
Newspost, MP Regional Desk सिंगरौली।
मध्य प्रदेश के औद्योगिक जिले सिंगरौली के मोरवा थाना क्षेत्र से पवित्र रिश्तों की धज्जियां उड़ा देने वाली घटना प्रकाश में आई है। थाना क्षेत्र में एक दानवीय प्रकृति के व्यक्ति ने अपनी ही 12 वर्षीय बेटी के साथ घृणित अमानवीय कृत्य कर डाला। उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म कर उसे जान से मारने की धमकी दी। पहले भी वह बच्ची के साथ दो बार ऐसा कर चुका है। लेकिन इस बार पीड़िता वहां से भागने में सफल हुई। उसकी तहरीर पर मोरवा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मेढौली निवासी 12 वर्षीय नाबालिग बच्ची ने अपनी मां के साथ थाने में आकर तहरीर दर्ज कराई है कि उसके पिता ने उसे देर रात कमरे में बुलाकर मालिश कराने के बहाने उसके साथ दुष्कर्म किया। इससे पूर्व में भी उसने दो बार पीड़िता के साथ दुष्कर्म कर उसे जान से मारने की धमकी दी थी। जिसके डर से उसने यह बात दबा रखी थी। मगर इस बार देर रात किसी तरह उसने भागकर अपने सहेली के घर शरण लिया और प्रात:अपनी मां को सारी बात बताई और दोनों थाने जा पहुंचे।
इधर पीड़िता की बात सुनकर निरीक्षक कपूर त्रिपाठी ने वरिष्ठ अधिकारियों को घटनाक्रम से अवगत कराया। इसके बाद सिंगरौली पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता गुप्ता के निर्देशन एवं एसडीओपी कृष्ण कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में आरोपी पिता के विरुद्ध अपराध क्रमांक 558/24 भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 65(2), 351(3), लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 की धारा 5 एवं 6 के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।
