महावीरी ध्वज के साथ सिंगरौली (मोरवा) में निकली भव्य शोभा यात्रा
Newspost, Regional Desk, A. Anand.

सिंगरौली, मध्य प्रदेश। श्रृंगी ऋषि की धरती सिंगरौली (मोरवा) में बुधवार को दोपहर से शाम तक 'एक ही नारा एक ही नाम जय श्रीराम जय श्रीराम...' के उद्घोष के साथ हजारों नर नारी, युवक युवतियों ने सजीले भगवा व श्वेत परिधान में सुसज्जित राम भक्तों ने पावन रामनवमी के अवसर पर गाजे बाजे के साथ भव्य शोभा यात्रा निकाली।
इन मार्गों से होकर गुजरी भगवान श्रीराम की शोभा यात्रा
अम्बेडकर नगर स्थित श्रीराम जानकी मन्दिर से विशाल महावीरी पताका के साथ प्रभु श्रीराम के जयघोष के साथ निकली शोभा यात्रा सुभाष चौक, कन्या विद्यालय चौराहा, मोरवा थाना, अस्पताल तिराहा, मेन रोड, सर्किट हाउस रोड, गायत्री मन्दिर मार्ग, पंडित दीनदयाल उपाध्याय (एलआईजी) चौक, पुरानी बाजार, संकटमोचन हनुमान मंदिर से होकर शिव मंदिर के प्रांगण में संपन्न हो गई। बैंड बाजे एवं डीजे की धुन पर घंटों युवा भगवान राम के नारे लगाते, झूमते, नाचते, गाते, चलते रहे। इस दौरान रथ पर राम लक्ष्मण सीता की झांकी एवं महावीरी ध्वज की विशालता आकर्षण के केन्द्र रहे। रैली में स्थानीय 3 बड़े मंदिरों से लाए गए ध्वज सम्मिलित किये गए। शोभा यात्रा में सम्मिलित लोगों के लिए व्यापारियों, समाजसेवियों एवं अन्य धार्मिक संगठनों द्वारा यात्रा के मार्ग पर जगह जगह जलपान की व्यवस्था की गई थी।
सुरक्षा की दृष्टि से बड़ी संख्या में थी पुलिस बल की तैनाती
शोभा यात्रा के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से तीन थानों से बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात की गई थी। इस मौके पर एसडीओपी कृष्ण कुमार पांडेय, मोरवा निरीक्षक अशोक सिंह परिहार, बरगवां निरीक्षक विद्या वारिधि तिवारी, चितरंगी निरीक्षक शेषमणि पटेल व गोरबी प्रभारी भिपेंद्र पाठक दल बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था में लगे रहे। बाजार एवं अन्य प्रतिष्ठानों को बंद रख लोग यात्रा में शामिल हुए। दुर्घटना से बचाव के लिए यात्रा के दौरान विद्युत आपूर्ति बंद रखी गई थी। मौके का जायजा लेने विद्युत विभाग व नगर निगम के अधिकारी भी यात्रा में शामिल रहे।
भक्तों ने ग्रहण किया महाप्रसाद

रामनवमी पर व्रतियों ने कन्या पूजन किया। वहीं गायत्री शक्तिपीठ सिंगरौली एवं शिव मन्दिर सिंगरौली में भंडारे का आयोजन किया गया। जिसमें श्रद्वालुओं ने बढ़ चढ़कर महाप्रसाद ग्रहण किया। गायत्री मन्दिर में राम नवमी के उपलक्ष्य में हवन पूजन के 12 बजे से भंडारा आयोजित किया गया था। वहीं शिव मन्दिर में भी पूजा अर्चना के बाद भंडारा का कार्यक्रम रखा गया था।
