Newspost, Regional Desk, Rohit Gupta.
सिंगरौली, मध्य प्रदेश। शनिवार, 24 फरवरी को एक दिवसीय प्रवास पर सिंगरौली पहुंचे भारतीय मजदूर संघ के कोल प्रभारी, जेबीसीसीआई सदस्य के. लक्षमणा रेड्डी का एनसीएल के दुधिचुआ क्षेत्र में भव्य स्वागत हुआ। एनसीएल में भारतीय कोयला खदान श्रमिक संघ सिगंरौली के कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। अपने प्रवास के दौरान वे दिनभर कार्यकर्ताओं से मिलते रहे। प्रमुख कार्यकर्ताओं एवं केन्द्रीय कमेटी के साथ एक बैठक भी उनके द्वारा ली गई। उन्होंने बताया कि 11 वां वेतन समझौता ऐतिहासिक है। पूरे पब्लिक सेक्टर में सबसे सम्मानजनक वेतन कोयला कर्मचारियों के हक में हुआ है।

दिल्ली में 22 फरवरी 2024 को सीएमपीएफ ट्रस्टी बोर्ड की बैठक के विषय में जानकारी उनके द्वारा दी गई। पिछले कई वर्षों से CMPF का पैसा डूब रहा है पर किसी भी अन्य संगठन ने इस विषय पर आंदोलन नहीं किया। भारतीय मजदूर संघ मात्र एक ऐसा संगठन है जिसने भविष्य निधि संगठन धनबाद एवं अन्य क्षेत्रीय कार्यालयों के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन कर इस मुद्दे पर जोरदार आंदोलन किया। जिसके कारण DHFL के दोनों घोटालेबाज आज जेल में है। CMPF ऑनलाइन का कार्य मार्च तक पूरा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पेंशन (CMPS) में समीक्षा की आवश्यकता है। पेंशन में सेवानिवृत्त कर्मचारियों की संख्या में बढ़ोतरी से अभी हर साल ₹की 300 करोड़ का घाटा हो रहा है।ठेका श्रमिकों का कोयला उत्पादन में 80% तक भागीदारी है फिर भी उनका हक नहीं मिल रहा है। नॉन कोल एरिया में काम करने वाले ठेका श्रमिकों को आज भी राज्य सरकार के न्यूनतम वेतनमान का भुगतान किया जाता है। 19 फरवरी 2024 को ठेका श्रमिकों के सभी विषयों पर कोल इंडिया मुख्यालय में BMS के प्रतिनिधि मंडल के साथ Biometric, HPC wages, CMPF, ID Card, Medical Card, सेफ्टी इत्यादि पर सार्थक चर्चा उपरांत प्रबंधन ने लागू करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि संगठन को सकारात्मक सोच से आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। संगठन के बारे में उन्होंने कहा कि हम एक परिवारिक संगठन के कार्यकर्ता हैं। संगठन ही हमारे लिए सर्वोपरि है। हमें अपनी ताकत को और मजबूत करने की आवश्यकता है।
इस बैठक में उनके साथ सीधी/सिगंरौली के विभाग प्रमुख रमन कुमार चौकीकर भी मौजूद रहे। इस बैठक की अध्यक्षता राजेश कुमार पटेल द्वारा किया गया तथा संचालन महामंत्री श्यामधर दुबे द्वारा किया गया। इस बैठक में केंद्रीय समिति के सभी पदाधिकारी गण तथा सभी परियोजनाओं के अध्यक्ष/सचिव सम्मिलित हुए।
