सड़क दुर्घटनाओं में हर दिन आ रहे अप्रिय समाचार, कौन है जिम्मेदार..?

मोरवा थानांतर्गत ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत, पीछे बैठी महिला गंभीर रूप से घायल, माजन मोड़ पर ट्रक के धक्के से बुजुर्ग की मौत

Newspost, Regional Desk, MP.

रविवार, 25 अगस्त। सिंगरौली नगर निगम क्षेत्र में घटित दो सड़क दुर्घटनाओं में दो की जान चली गई, एक महिला को गंभीर रूप से घायलावस्था में उपचार हेतु भर्ती कराया गया है। मोरवा थाना क्षेत्र में चटका (चंद्रपुर) के समीप एक दर्दनाक हादसा पेश आया, जहां ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर पीछे बैठी महिला इस दुर्घटना में घायल हो गई, जिसका इलाज जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर लगभग डेढ़ बजे पिड़रताली निवासी राजनाथ सिंह पिता रामप्यारे सिंह उम्र 30 वर्ष अपनी भाभी पिपली देवी पति शिवनाथ सिंह गोड़ को अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक MP 53 BA 8818 से मोरवा साप्ताहिक बाजार में सब्जी लेने आ रहा था। वह जैसे ही सिंगरौली औड़ी मुख्य मार्ग पर पहुंचा तभी विपरीत दिशा से आ रहे ट्रेलर क्रमांक HR 74B 6416 की चपेट में आ गया। इस घटना में बाइक चालक राजनाथ सिंह की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वहीं पीछे बैठी महिला पिपली देवी अचेत होकर बीच सड़क पर पड़ी रही। घटना के तुरंत बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर जाम लगाते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। इधर दुर्घटना की सूचना मिलने पर एसडीओपी कृष्ण कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में मोरवा निरीक्षक कपूर त्रिपाठी सदल बल घटनास्थल पहुंचे और लोगों को समझने में जुटे रहे। इसके साथ ही एक तरफ से मार्ग खुलवाकर यातायात शुरू कराया।

मुआवजे की मांग को लेकर घंटों चला प्रदर्शन

रविवार साप्ताहिक बाजार के दिन गांव से सटे मुख्य मार्ग पर हुई इस दुर्घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों समेत स्थानीय लोगों का जमावड़ा लग गया। जिनके द्वारा मुआवजे की मांग को लेकर करीब 3 घंटे तक प्रदर्शन चलता रहा।

मोरवा निरीक्षक कपूर त्रिपाठी के द्वारा ट्रेलर चालक ताहिर खान पिता हबीब खान को ट्रेलर समेत हिरासत में लेते हुए थाने में खड़ा कर दिया गया। वहीं मृतक के परिजनों समेत ग्रामीणों को समझाने में जुटे रहे। इसके अलावा नगर निगम के स्थानीय पार्षद शेखर सिंह, परमेश्वर पटेल व आशीष गुप्ता ने भी घटनास्थल पहुंचकर लोगों को समझाते हुए परिजनों को ढाढस बंधाया।

इस घटना के बाद शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाते हुए वहां पहुंचे तहसीलदार रमेश कोल एवं पटवारी गोविंद चौरसिया ने प्रशासन की तरफ से चार लाख की सहायता राशि का चेक प्रदान किया। इसके बाद प्रदर्शन खत्म करते हुए शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया जा सका।

वहीं दूसरी घटना कोतवाली थाना के माजन मोड़ पर हुई जिसमें ट्रक के धक्के से एक राहगीर बुजुर्ग की मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *