घंटों के बचाव कार्य के बाद बाहर निकालने में मिली सफलता, उपचार के दौरान चिकित्सकों ने मृत घोषित किया

तीसरे जन्मदिन पर सौम्या ने छोड़ा संसार, बोरवेल में भरे पानी में घंटों पड़ी रही नन्ही जान

Newspost, MP Regional, @RohitGupta.

सिंगरौली, मध्य प्रदेश। सिंगरौली जिले के बरगवां थाना क्षेत्रांतर्गत ग्राम पंचायत कसर में खेत के बीच एक पुराने खुले बोरवेल में सोमवार को सायं लगभग 4 बजे एक तीन वर्षीय नन्हीं बच्ची के गिरने की खबर से वहाँ अफरातफरी मच गई थी। इस घटना की सूचना मिलने के बाद बरगवां थाना इंचार्ज निरीक्षक शिवपूजन मिश्रा ने वरिष्ठ अधिकारियों को इस घटना की जानकारी दी। इसके बाद कलेक्टर, एसपी व अन्य प्रशासनिक अमला चिकित्सा दल व एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे। विधायक देवसर राजेंद्र मेश्राम, विधायक सिंगरौली राम निवास शाह, भाजपा जिलाध्यक्ष राम सुमिरन गुप्ता आदि के मौके पर पहुंचने के बाद रेस्क्यू कार्य में और तेजी आ गई। बच्ची को निकालने के लिए युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। घंटों के भारी परिश्रम के बाद देर रात उसे निकाला जा सका। आननफानन उसे अस्पताल ले जाया गया। लेकिन उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृत बालिका का नाम सौम्या बताया गया है। उल्लेखनीय है कि इस बच्ची का आज ही जन्मदिन भी था। इस घटना से लोग मर्माहत हैं।
विज्ञापन:

ऐसे हुई यह ‌अनहोनी-

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कसर निवासी पिंटू साहू की आज ही 3 साल पूरा कर रही पुत्री सौम्या साहू सायं करीब 4 बजे बकरी के बच्चे के साथ खेलते खेलते घर के समीप खेत में पहुंच गई और वह एक पुराने खुले बोरवेल में फिसल गई गई। वहां पर मौजूद लोगों द्वारा 25 फीट गहराई में बच्ची के फंसे होने का अंदेशा व्यक्त किया गया था। जबकि रेस्क्यू दल के लोगों के अनुसार इस बोर की 70 फिट की गहराई से बच्ची को बाहर निकाला गया। इन लोगों ने बताया कि बोरवेल में केसिंग नहीं पड़ी थी और 40 फुट के बाद उसमें पानी भरा था। मासूम बच्ची के खुले बोरवेल में फंसे होने की जानकारी मिलने के बाद कलेक्टर चंद्रशेखर शुक्ला, एसपी निवेदिता गुप्ता, नगर निगम आयुक्त डीके शर्मा के साथ ही रेसक्यू टीम मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में जुट गई थी। लेकिन आज का दिन नन्हीं सौम्या और उसके परिवार के लिए ऐसी अनहोनी लेकर आया जिसे वे वर्षों तक भूल नहीं पाएंगे। आज उस बच्ची का तीसरा जन्मदिन था और आज ही वह संसार से हमेशा के लिए विदा हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *