Newspost,Election Desk,Ashish Soni,Rewa,MP
रीवा तथा मऊगंज जिले के आठ विधानसभा क्षेत्रों के 17 नवम्बर को प्रात: 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान कराया जायेगा। मतदान कराने के लिए ईव्हीएम तथा मतदान सामग्री के साथ मतदान दल 16 नवंबर को इंजीनियरिंग कालेज से प्रस्थान करेंगे। सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए सामग्री वितरण की अलग-अलग व्यवस्था की गयी है। इस संबंध में आयुक्त नगर निगम तथा नोडल अधिकारी सामग्री वितरण संस्कृति जैन ने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए अलग-अलग स्थलों में स्थान निर्धारित किया गया है। इनमें ईव्हीएम वितरण, मतदान सामग्री वितरण, सेक्टर आफीसर तथा रिजर्व दल के लिए स्थान निर्धारित किया गया है। इन्हीं स्थलों में मतदान सामग्री तथा ईव्हीएम मतदान के बाद वापस लौटने पर जमा भी की जायेगीं।
नोडल अधिकारी ने बताया कि मतदान सामग्री प्राप्त करने के लिए निर्धारित क्षेत्रों में अलग-अलग प्रवेश द्वार बनाये गये हैं। विधानसभा क्षेत्र रीवा तथा गुढ़ के सामग्री वितरण करने वाले अधिकारी, कर्मचारी तथा मतदान कर्मी गेट क्रमांक 4 से प्रवेश करेंगे। विधानसभा क्षेत्र देवतालाब के कर्मचारियों के लिए गेट क्रमांक 2 निर्धारित किया गया है। विधानसभा क्षेत्र मऊगंज, मनगवां, सेमरिया एवं त्योंथर के कर्मचारी तथा मतदान कर्मी गेट क्रमांक 7 निराला नगर गेट से प्रवेश करेंगे। कोई भी गेट बंद नहीं रहेगा। विधानसभा क्षेत्र मऊगंज तथा मनगवां की बसों के प्रवेश के लिए तथा कर्मचारियों के प्रवेश के लिए गेट नंबर 4 से भी सुविधा दी गयी है। मतदान दल में शामिल जो अधिकारी और कर्मचारी अपने वाहनों से इंजीनियरिंग कालेज पहुंचेगे वे सभी इंजीनियरिंग कालेज के सामने स्थित माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय में अपने वाहन पार्क करेंगे। सड़क के किनारे अथवा इंजीनियरिंग कालेज परिसर में अपने वाहन न छोड़े। इंजीनियरिंग कालेज के मुख्य द्वार पर पार्किंग तथा गेट के संबंध में पूरी जानकारी प्रदर्शित की गयी है। यहां सहायता दल भी तैनात रहेगा।