जयंत- अंतर्राज्यीय नाका पर एक वाहन चालक के साथ मारपीट का करने गया था बीच बचाव
NEWS DESK, सिंगरौली, मध्य प्रदेश।
उत्तर प्रदेश की सीमा पर मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में स्थित RTO चेक पोस्टों के क्रियाकलापों की बानगी जयंत नाके की एक घटना है। इस नाके पर पदस्थ आरक्षक एवं वहां तैनात कर्मी व गुर्गों के कारनामों और भारी वाहनों के चालक एवं ट्रांसपोर्टर्स की स्थिति का अनुमान एक घटना से लगाया जा सकता है।
बीजेपी कार्यकर्ता को दौड़ाकर पीटने के मामले में कई नामजद
मंगलवार को सत्ताधारी भाजपा (BJP) का एक स्थानीय कार्यकर्ता चेक पोस्ट के आरक्षक एवं पदस्थ कर्मियों व गुर्गों के कोप का शिकार बन गया। मंगलवार की शाम बीच-बचाव करना सिंगरौली विधानसभा क्षेत्र के पोलिंग बूथ नंबर 118 के बूथ अध्यक्ष सुनील दुबे कचनी को महंगा पड़ गया है। आरोप है कि चेक पोस्ट जयंत के आरक्षक एवं करीब आधा दर्जन अन्य ने उसे दौड़ा-दौड़ाकर बेरहमी के साथ लाठियों से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया था। मामला जयंत पुलिस चौकी में गया जहां आरोपियों के विरुद्ध नामजद एफआईआर दर्ज करायी गई है।
पीड़ित कार्यकर्ता का कहना :
घटना के संबंध में बीजेपी के बूथ अध्यक्ष कचनी निवासी सुनील दुबे ने बताया कि पिछले माह जून के चौथे सप्ताह में चेक पोस्ट जयंत के स्टाफ ने पोखरी निवासी धर्मेन्द्र शाह के वाहन चालक का पीछा कर टोल प्लाजा गड़ेरिया से उठा लाया गया था। उसके चालक व मालिक से 20 हजार रुपये वसूले गए और मोबाइल भी छीन लिया गया था। इसकी शिकायत 26 जून को धर्मेन्द्र शाह ने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं आरटीओ के यहाँ की थी।
कार्रवाई न होने की स्थिति में ट्रांसपोर्टर व वाहन मालिक धर्मेन्द्र ने इसकी शिकायत सीएम हेल्पलाईन में कर दी। इसी बीच थाना माड़ा से धर्मेन्द्र के यहां फोन गया और शिकायत को क्लोज कराने के लिए ओटीपी मांगने लगे। धर्मेन्द्र ने ओटीपी देने एवं शिकायत क्लोज कराने से इंकार कर दिया। उसने बताया कि वेवजह चेक पोस्ट जयंत के कर्मचारियों ने 20 हजार रुपये जबरन ले लिया है और मोबाइल भी वापस नहीं कर रहे हैं। दोनों वापस करा दीजिए शिकायत क्लोज करा दी जायेगी। शायद माड़ा पुलिस ने इसकी जानकारी चेक पोस्ट के कर्मियों को दी। जहां धर्मेन्द्र को चेक पोस्ट पर समझौते के लिए बुलाया गया।
सुनील दुबे ने आगे बताया कि “मंगलवार की शाम किसी काम के लिए सोनभद्र के शक्तिनगर जा रहा था। चेक पोस्ट जयंत के सामने कुछ लोग खड़े थे और चीख पुकार की आवाज आ रही थी। मैं स्वयं अपना वाहन रोककर वहां जाकर देखा कि धर्मेन्द्र के साथ चेक पोस्ट के कर्मचारी व उनसे जुड़े गुर्गे मारपीट कर रहे हैं। हम विवाद शांत कराने लगे और इसी दौरान मैंने पूछा कि आखिर इसके साथ मारपीट क्यों कर रहे हैं, 1-2 बजे रात वाहन चेकिंग क्यों लगाते हैं। वाहनों का पीछा कर चेक पोस्ट पर लाने, मारपीट, गाली-गलौज करने पर सवाल किया।” दुबे ने बताया कि, इतना ही सवाल पूछा था कि कुछ मिनटों बाद बुलोरो वाहन से चार-पांच लोग आये और डण्डा, लाठी निकालकर मेरे साथ मारपीट करने लगे।
सुनील ने बताया कि मुझे दौड़ा-दौड़ाकर बेरहमी से मारने लगे। किसी तरह जान बचाकर चौकी गया और पूरे घटना की जानकारी दी है। जयंत चौकी पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर आरोपियों के विरुद्ध भादवि की धारा 294, 323, 506, 34 के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। वहीं यह भी खबर है कि चेक पोस्ट के आरक्षक विनय तिवारी ने सुनील दुबे के खिलाफ भी काम में व्यवधान डालने से संबंधित लिखित तहरीर पुलिस को दिया है।
MP: चेक पोस्ट के गुर्गों ने बीजेपी के बूथ अध्यक्ष को दौड़ा-दौड़कर किया लहूलुहान
भाजपा कार्यकर्ताओं में रोष
बूथ कार्यकर्ता सुनील दुबे के साथ जयंत चेक पोस्ट पर बेरहमी से लाठी, डण्डे से की गई मारपीट में उसके कमर, जांघ, पैर हाथ पर क्रूरता के गहरे निशान हैं। कार्यकर्ता के साथ की गई मारपीट को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। अब इसे चुनौती मानते हुए भाजपाईयों ने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री, परिवहन मंत्री के यहां करने का मन बनाया है।
अवैध वसूली को लेकर चर्चाओं में हैं चेक पोस्ट
अवैध वसूली एवं चालकों के साथ अभद्रता व मारपीट के संगीन आरोप चेक पोस्ट खनहना, जयंत, गोभा एवं मटवई पर लगाया जा रहा है। गोभा चेक पोस्ट के लोगों के खिलाफ पिछले माह कोतवाली बैढऩ में गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी का मामला पंजीबद्ध है। आरोप है कि इतनी शिकायतों के बावजूद भाजपा की प्रदेश सरकार व परिवहन मंत्री इन चेक पोस्टों पर व्याप्त भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी पर शिकंजा क्यों नहीं कस पा रहे हैं। वहीं भाजपाई इस घटना के बाद से असहज महसूस करते हुए दबी जुबान में सरकार पर ही निशाना साधने लगे हैं।
