शासकीय विद्यालय जयंत संकुल का बाबू घूस लेते रंगेहाथ पकड़ाया, लोकायुक्त रीवा द्वारा की गई कार्यवाही
Newspost, MP Regional Desk.
सिंगरौली, मध्य प्रदेश। शुक्रवार को शासकीय विद्यालय के संकुल जयंत में पदस्थ बाबू अशोक कुमार पांडेय 2500 रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया गया। बताया जाता है कि उसने एक शिक्षक से एरियर भुकतान के एवज में घूस की मांग की थी जिसकी शिक्षक ने रीवा लोकायुक्त में शिकायत की थी। आज लोकायुक्त की टीम ने जाल बिछाकर कार्यवाही कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी शिक्षक उमाकांत वर्मा से आरोपी बाबू ने उनके लंबित एरियर भुगतान को कराने के बदले 2500 रुपये घूस की मांग की तब शिक्षक वर्मा ने इसकी शिकायत रीवा लोकायुक्त से की थी। शुक्रवार को रीवा लोकायुक्त की 12 सदस्यीय टीम ने अपनी बनाई योजना के तहत घूस में दिये जाने वाले रुपयों में केमिकल लगा कर आवेदक शिक्षक को दे दिया। शिक्षक के द्वारा उन्हीं रुपयों को बतौर रिश्वत देने के समय लोकायुक्त की टीम ने धावा बोल कर भ्रष्टाचारी बाबू को रंगे हाथों पकड़ लिया।
लोकायुक्त की टीम ने कार्यवाही करते हुए आरोपी बाबू अशोक कुमार पाण्डेय को संकुल विद्यालय जयंत से गिरफ्तार कर लिया है। उक्त कार्यवाही व लोकायुक्त छापे से शिक्षा सहित अन्य विभागों में हड़कंप मच गया है।
