प्रेस वार्ता में कांग्रेसियों पर बरसे विधायक

सिंगरौली विधायक ने घटना पर जताया दुख और साधा कांग्रेस पर निशाना

News Desk, सिंगरौली, मध्य प्रदेश.

मैं सुबह नाश्ता, भोजन करने के बाद बैढ़न चला आता हूँ और क्षेत्रीय भ्रमण, कार्यक्रमों में सम्मिलित होने के बाद कभी-कभी आधी रात को घर पहुंचता हूँ। यह मेरी दिनचर्या है। मैं कभी न गलत काम करता हूँ और न ही गलत कार्य करने वालों की पैरवी करता हूँ। मैं हमेशा से स्वच्छ राजनीति कर सही रास्ते पर चलता आ रहा हूँ। 72 साल की जिंदगी में मेरे ऊपर कोई भी व्यक्ति किसी प्रकार का आरोप नहीं लगा सकता है और जो कांग्रेस पार्टी के नेता आंदोलन, धरना प्रदर्शन कर रहे हैं, पहले वे अपने आपको देखें।

विवेक के कृत्य से मैं काफी दुखी हूँ- रामलल्लू बैस

विवेक बैस ने जिस घटना को अंजाम दिया है उससे मैं काफी दुखी हूँ। पीड़ित परिवार से भी मेरा पुराना गहरा नाता है। सिंगरौली विधायक रामलल्लू बैस ने रविवार की शाम अपने कार्यालय में पत्रकारों से गत गुरुवार की घटना के संबंध में चर्चा करते हुए अपनी बात रखी। उन्होंने कांग्रेस पार्टी के शहर अध्यक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वे खुद बतायें कि विधायक रामचरित्र जी के साथ मारपीट क्यों किया था? क्या रामचरित्र जी अनुसूचित जाति में नहीं आते हैं और मारपीट किये तो पड़रा जेल तक की हवा खानी पड़ी है।

विधायक इतने पर ही नहीं रुके उन्होंने अजय सिंह राहुल को भी घेरे में लिया और सवाल दागा कि 2007-08 के लोकसभा के उप चुनाव में मानिक सिंह चुनाव जीते थे। उच्च विश्राम गृह सीधी में तत्कालीन सांसद मानिक सिंह के साथ अजय सिंह राहुल ने कैसा सलूक किया था वह जगजाहिर है। इसी वजह से सांसद ने कांग्रेस पार्टी छोड़ दिया था। क्या सांसद मानिक सिंह आदिवासी नहीं हैं। कांग्रेस पार्टी के नेता सिर्फ वोट बैंक की राजनीति करते हैं।

मैं भाजपा का सिपाही और भाजपा अपराधियों को सह नहीं देतीबैस

विधायक ने यहाँ तक कहा कि विवेक ने जैसा कृत्य किया है वैसा भोगेगा। पुलिस एवं प्रशासन स्वतंत्र रूप से कार्य करें भाजपा अपराधियों को सह नहीं देती है और मैं भाजपा का सिपाही हूँ। उन्होंने एक सवाल के जबाव में कहा कि यदि भाजपा टिकट देगी तो चुनाव जीतकर दिखाऊंगा। इस दौरान भाजपा के प्रदेश कार्य समिति सदस्य व सिंगरौली विधानसभा प्रभारी गिरीश द्विवेदी ने भी कांग्रेसियों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भाजपा कभी ओछी राजनीति नहीं करती और कांग्रेस पार्टी हमेशा से यही करती आ रही है। इससे कांग्रेसियों का बेड़ा पार नहीं होने वाली है। भाजपा प्रदेश व केन्द्र में फिर से सरकार बनायेगी।

इस दौरान ननि अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, पूर्व ननि अध्यक्ष चन्द्रप्रताप विश्वकर्मा, सिडाध्यक्ष दिलीप शाह, रामब्रिज चौरसिया, सूरज पाण्डेय सहित अन्य भाजपा के नेता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *