Newspost, Regional Desk, A. Anand.

सिंगरौली, मध्य प्रदेश। मोरवा थाना क्षेत्र के शुक्ला मोड़ के समीप हुई अनहोनी ने दर्दनाक हादसा का रूप ले लिया। घटना शनिवार दोपहर की है। एक कंपनी द्वारा शिफ्ट बस के रूप में नियोजित निजी बस के अकुशल चालक की लापरवाही से एक व्यक्ति की जान मौके पर ही चली गई तो तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से भी एक के निधन की जानकारी मिली है। सभी एनसीएल के निगाही परियोजना में ओवर बर्डन हटाने का काम कर रही डीबीएल कंपनी के कर्मचारी बताए जा रहे हैं। ये सभी कंपनी की शिफ्ट बस से दूसरी पाली की ड्यूटी के लिए जा रहे थे कि रास्ते में यह दु:खद हादसा हो गया। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार बस सवार कर्मियों में से कुछ हर शनिवार को शुक्ला मोड़ स्थित झारखंडे हनुमान मंदिर में दर्शन पूजन करने के लिए रुकते थे तथा पूजन कर कार्य पर जाते थे। इस शनिवार को भी सभी दोपहर करीब 12 बजे तिवारी शिफ्ट बस क्रमांक एमपी 66पी 0209 से जा रहे थे। रास्ते में पूजा के लिए मंदिर के समीप रुके। लेकिन वहां दुर्भाग्य इनका पीछा कर रहा था। लापरवाह एवं अकुशल बस चालक ने बस को ढलान पर खड़ा कर दिया, लेकिन उसे न्यूट्रल और बिना हैंड ब्रेक के यूं ही छोड़ दिया। फलस्वरूप ढलान पर बस तेजी से पीछे जाने लगी। तब उसमें बैठे कर्मचारी घबरा गए। जान बचाने के लिए गेट के समीप बैठे लोग बस से कूद पड़े। जिसमें आकाश गुप्ता समीपी पुल से नीचे जा गिरा। वही संतोष शर्मा, फिदा हुसैन और राहुल साकेत बस से गिरने के कारण घायल हो गए। इसमें से एक कर्मी पुल की रेलिंग और बस के बीच में जा फंसा। 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गनिमत रही की बस पुल से नीचे नहीं गिरी, नहीं तो यह हादसा और भी बड़ा हो जाता। इस घटना के बाद चालक फरार हो गया, वहीं मौके पर चीख पुकार मच गई। आनन फानन में लोगों ने मदद के लिए पुलिस को जानकारी दी। जिसके बाद तत्काल मोरवा निरीक्षक अशोक सिंह परिहार सदल बल घटनास्थल पर पहुंच गए और घायलों को किसी तरह उपचार हेतु केंद्रीय चिकित्सालय सिंगरौली भिजवाया।

बताया गया है कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही आकाश गुप्ता पिता रामाधार गुप्ता निवासी चटका ने दम तोड़ दिया। वहीं प्राथमिक उपचार के बाद संतोष शर्मा, फिदा हुसैन और राहुल साकेत को नेहरू शताब्दी चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया। 

शनिवार दोपहर हुई बस दुर्घटना में घायल दूसरे व्यक्ति की भी शाम को मौत की जानकारी मिली है। पुलिस सूत्रों के अनुसार नेहरू शताब्दी चिकित्सालय में गंभीर स्थिति में भर्ती फिदा हुसैन को चिकिसकों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया था। बताते हैं कि वहां पहुंचने से पूर्व ही उसकी मौत हो गई। इधर कम्पनी प्रबंधन द्वारा मृतक आकाश गुप्ता के लिए मुआवजे के एलान के बाद परिजनों द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

इस घटना में पुलिस ने मर्ग तथा फरार चालक के विरुद्ध धारा 279, 337, 304(ए) भादवि के तहत मामला दर्ज किया है।

घटना के बाद मुआवजे की मांग पर अड़े परिजन

बस दुर्घटना की सूचना लगते ही सभी कर्मियों के परिजन अस्पताल जा पहुंचे, जहां उन्होंने अपनों का कुशल क्षेम जाना, तो वहीं लापरवाह बस चालक के विरुद्ध अपना रोष जताया। वहीं मृतक के परिजन इस घटना के बाद मुआवजे की मांग को लेकर अस्पताल में ही लड़ गए, जिन्हें समझाने में पुलिस लगी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *