📌 मध्य प्रदेश में पार्टी की दुर्दशा के लिए कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, जीतू पटवारी को ठहराया जा रहा जिम्मेदार
Newspost, Editor’s Desk. Rohit Gupta.
भारत में इस वर्ष 2024 में 18वीं संसद के गठन के लिए संपन्न लोकसभा चुनाव को आने वाले दशकों तक याद रखा जाएगा। इस चुनाव और गत 4 जून को आए परिणाम को पक्ष-प्रतिपक्ष के सभी छोटे बड़े दल और उनसे जुड़े तमाम कार्यकर्ता लंबे समय तक भुला नहीं पाएंगे। इस बार के चुनाव में आए जनादेश ने बहुमत प्राप्त करने वाले धड़े को भी बहुत निराश नहीं किया तो दूसरी ओर जिस महागंठजोड़ को बहुमत से बहुत दूर रखा उसे भी जश्न मनाने का मौका दे दिया। लेकिन हिंदी पट्टी के बड़े राज्यों में से एक मध्य प्रदेश में भाजपा की क्लीन स्वीप यानी सभी 29 सीटों को जीत लेने के बाद एमपी कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और पार्टी के कद्दावर नेताओं कमलनाथ व दिग्विजय सिंह की परेशानी बढ़ा दी है। हालांकि कांग्रेस हाई कमांड की प्रतिक्रिया जो भी हो, लेकिन पार्टी के कार्यकर्ताओं में घोर निराशा और प्रदेश के इन बड़े नेताओं के प्रति आक्रोश गहरा ही नहीं रहा है, बल्कि अब स्थिति जुबानी उठा पटक भी शुरू हो गया है जिसकी बानगी सोशल मीडिया पर दिखाई भी देने लगी है।
लोकसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद मध्य प्रदेश में कांग्रेस पार्टी को 00/29 से मिली करारी हार के बाद पार्टी में अंदर खाने भी आरोप प्रत्यारोप और उठापटक का दौर शुरू हो गया है। सोशल मीडिया में चितरंगी सहित एमपी के विभिन्न विधानसभा क्षेत्र के अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने अपनी प्रतिक्रिया में प्रदेश के शीर्ष कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधने के साथ ही हार का ठीकरा उनके सिर फोड़ा जा रहा है।
सोशल मीडिया मंचों पर ...
विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के पूरी तरह से साफ हो जाने के बाद कांग्रेस पार्टी के कई पदाधिकारी एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता निराश होकर पार्टी के वरिष्ठ नेता कमलनाथ, दिग्विजय सिंह एवं मौजूदा अध्यक्ष जीतू पटवारी पर ठीकरा फोड़ रहे हैं। सोशल मीडिया के ग्रुप्स में लिख रहे हैं कि नैतिकता के आधार पर समस्त जिलाध्यक्षों को अपनी पुरानी मर्यादा एवं परंपराओं को पालन करते हुये तत्काल अपने-अपने पदों से त्याग पत्र दे देना चाहिए। इनका इस्तीफा कांग्रेस पार्टी के हित में होगा। नये युवा पीढ़ी को मौका देने और नये सिरे से संगठन को खड़ा करने की बात की जा रही है।
जिला स्तर पर भी होनी चाहिए हार की समीक्षा
कांग्रेस पार्टी सिंगरौली के वरिष्ठ नेता वैद्यनाथ सिंह राजू ने प्रदेश के नेताओं पर करारी प्रतिक्रिया देते हुये कहा कि 10 वर्षों में प्रदेश में कांग्रेस पार्टी को कमलनाथ एवं दिग्विजय सिंह ने खत्म किया और रही सही कसर जीतू पटवारी ने पूरी कर दी। अब भी कांग्रेस हाई कमान को समझ नहीं आया तो आगामी समय में कांग्रेस एकदम रसातल में चली जाएगी। इस लोस चुनाव में हार की समीक्षा जिला स्तर पर होनी चाहिए।
•कांग्रेस नेता राजू
