चितरंगी थाना क्षेत्र के बसाही गांव का मामला 

MP Regional Desk, सिंगरौली। 

एमपी के सिंगरौली जिले के चितरंगी थाना अंतर्गत ग्राम बसाही निवासी एक महिला का बंद कमरे में अधजला शव मिलने से सनसनी फैल गई है। घटना गुरुवार- शुक्रवार के दरमियानी रात की बताई जा रही है। मृतका के पिता अब्दुल मजीद ने अपनी बेटी की हत्या की आशंका जताई है तथा जांच व कार्रवाई किये जाने की मांग पुलिस से की है। 
पुलिस के अनुसार फरियादी अब्दुल मजीद पिता मुस्तफा बख्श ने थाने में आकर रिपोर्ट दर्ज कराया कि उसकी बेटी गुड़िया निशा का कई साल पहले तलाक हो चुका था। दूसरी शादी मऊगंज निवासी नूर मोहम्मद से हुई। उसके इस दूसरे पति ने बसाही गांव में दो एकड़ जमीन खरीद कर एक पक्का मकान बनवाकर उसे दे दिया था। वहां निशा अपने 4 साल के बच्चे के साथ रहती थी। लेकिन कल से निशा का मोबाइल बंद बता रहा था। आज सुबह जाकर उसके घर में देखा तो आगे पीछे से दरवाजा बंद था किसी तरह घर के दीवार पर चढ़कर देखा तो निशा का शव कमरे में अधजला हुआ पड़ा था। 

घटना की जानकारी चितरंगी पुलिस को दी गई। घटना की सूचना मिलने पर एडिशनल एसपी शिव कुमार वर्मा एसडीओपी आशीष जैन चितरंगी थाना प्रभारी शेषमणि पटेल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस इसे हत्या का प्रकरण मान कर विवेचना कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *