Newspost, Educational Desk. सिंगरौली, मध्य प्रदेश.
डी.ए.वी. सीनियर सेकेन्ड्री पब्लिक स्कूल अमलोरी में पहली बार पूर्व छात्रों का रियूनियन हुआ। शनिवार, 28 दिसंबर को 2003 बैच के पूर्व छात्रों का बहु प्रतीक्षित रियूनियन कार्यक्रम ‘पहल’ संपन्न हुआ। इस अवसर पर उक्त बैच के अनेक छात्र-छात्रा एकत्रित हुए। खास बात यह रही कि छात्र-छात्राओं के साथ ही इस विद्यालय के कई भूतपूर्व शिक्षक भी उपस्थित हुए। सभी शिक्षकों को पुष्प -गुच्छ तथा माल्यार्पण द्वारा पूर्व छात्रों ने बढ़ चढ़कर स्वागत किया। तत्पश्चात दीप-प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। सभी छात्र-छात्राओं ने मिलकर गुरु- वंदना की और शिक्षकों का स्वागत करते हुए कृतज्ञता ज्ञापित किया।
यादों को किया ताजा...
इस दौरान छात्रों ने छात्र जीवन की अपनी -अपनी यादों को साझा करते हुए अपने अनुभव बताए तथा विद्यालय के प्रांगण में बिताए दिनों को याद किया। मनोरंजक खेल, गीत- संगीत, अंत्याक्षरी की प्रस्तुति ने आयोजन को बहुत खास बना दिया। शिक्षकों ने भी विद्यालय में बिताए हुए अपने सुखद अनुभव व यादें साझा की। इस दौरान इन छात्रों ने अपनी प्रस्तुतियां भी दीं।
कार्यक्रम के पश्चात सामूहिक भोज के दौरान भी परस्पर संवाद किया गया। पुराने मित्रों, शिक्षकों के साथ तस्वीरें खिंचवाई गईं। कार्यक्रम के समापन के पहले पूर्व छात्रों ने अपने शिक्षकों को स्मृति-चिन्ह प्रदान किया। विद्यालय परिवार की ओर से सभी का आभार व्यक्त किया गया। पुनर्मिलन का कार्यक्रम ‘पहल’ न केवल पुराने मित्रों और शिक्षकों को जोड़ने का माध्यम बना। इस कार्यक्रम ने यह भी साबित किया कि इस विद्यालय में दी गई शिक्षा ने छात्रों के जीवन में कितनी सकारात्मक भूमिका निभाई है।
समागम को संबोधित करते हुए प्राचार्य ने कहा कि हम सभी इस कार्यक्रम के साक्षी बने। यह डीएवी अमलोरी के लिए बड़े गर्व की बात है कि बच्चे यहां की शिक्षा और संस्कारों को बनाए रखे हैं और आगे बढ़ा रहे हैं। बच्चों की यह पहल अत्यंत सराहनीय रही। हम सभी बच्चों का समाज में योगदान की सराहना और उनके सफल जीवन की कामना करते हैं।
