मुआवजा वितरण में अनियमिता को लेकर एनसीएल ब्लॉक बी के महाप्रबंधक कार्यालय व आवास पर पड़ा सीबीआई का छापा
News Desk, सिंगरौली, MP.
एनसीएल ब्लॉक बी के विस्तार के लिये ग्राम मुहेर का अधिग्रहण किया गया है। यहाँ के एक विस्थापित द्वारा मुआवजा वितरण में अनियमिता की शिकायत पर जबलपुर सीबीआई टीम ने ब्लॉक बी के महाप्रबंधक सैयद गोरी के कार्यालय एवं आवास तथा राजस्व एवं पुनर्वास विभाग में एक साथ छापा मारा है और सभी दस्तावेजों का सघन जांच कर रही है।

मिली जानकारी के अनुसार जबलपुर सीबीआई पुलिस अधीक्षक रिक्षपाल सिंह के निर्देशन में डीएसपी रैंक के अधिकारी के नेतृत्व में शुक्रवार की दोपहर करीब 2 बजे सीबीआई की 8 सदस्यीय टीम ने गोरबी ब्लॉक बी परियोजना में छापा मारा। ब्लॉक बी क्षेत्र विस्तार के लिए ग्राम मुहेर में भूमि अधिग्रहण किया जा रहा है। मुआवजा वितरण की अनियमिता को लेकर विस्थापित द्वारा जबलपुर सीबीआई में शिकायत की गई थी।
मामले के सत्यापन के उपरांत सीबीआई टीम ने एनसीएल ब्लॉक बी के महाप्रबंधक सैयद गोरी के कार्यालय एवं आवास तथा राजस्व विभाग में दस्तावेजों को खंगालने के साथ राजस्व विभाग के अधिकारी चन्द्रमोहन गुप्ता से भी पूछताछ कर रही है।
सीबीआई की छापे की जानकारी लगते ही एनसीएल के अधकारियों एवं कर्मचारियों में हड़कम्प मच गया है। फिलहाल समाचार लिखे जाने तक सीबीआई अधिकारियों द्वारा पूछताछ व दस्तावेजों को खंगालने काम जारी है। बताया गया है कि राजस्व एवं पुनर्वास विभाग में बड़े पैमाने पर अनियमिता बरती गयी है। टीम का नेतृत्व कर रहे अधिकारी ने बताया कि कार्यवाही पूरी होने के बाद जानकारी दी जायेगी।
