एनसीएल परिवार की बेटी हैं प्रगति सिंह नेगी

Newspost, National Desk. @RohitGupta

नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) परिवार की प्रगति सिंह नेगी ने हाल ही में नोएडा में आयोजित मिस इंडिया क्वीन ऑफ हार्ट्स सीजन-6 प्रतियोगिता के ताज को जीत लिया है। सिंगरौली में पली-बढ़ी प्रगति के पिता सुधीर कुमार नेगी एनसीएल के ब्लॉक-बी क्षेत्र के कर्मी व माता श्रीमती भारती नेगी गृहणी हैं। मूल रूप से प्रगति का परिवार उत्तराखंड के पौढ़ी गढ़वाल का रहने वाला है।

प्रगति ने सिंगरौली के क्राइस्ट ज्योति स्कूल से शुरुआती शिक्षा प्राप्त कर भोपाल के ओरिएंटल कॉलेज ऑफ टेक्नालॉजी से इंजीनिरिंग की पढ़ाई की है। वर्तमान में वे मशहूर आईटी कंपनी केपजेमनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में पदस्थ हैं। प्रगति बताती हैं कि उनके माता-पिता ने उन्हे स्वतंत्र रूप से जीवन में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना सिखाया है। यह सिद्धान्त उनके जीवन को निरंतर मार्गदर्शन देता है। वे बताती हैं कि बचपन से ही हमेशा राष्ट्रीय और विश्व स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिनिधित्व करने का सपना रखती थी।

पूरे भारत से स्क्रीनिंग के पश्चात अलग-अलग प्रांतों से 17 प्रतियोगियों को इस विशिष्ट श्रेणी के लिए मिस इंडिया क्वीन ऑफ हार्ट्स (MIQH) फाइनलिस्ट 2024 के रूप में चुना गया था। आत्मविश्वास से भरपूर सुश्री प्रगति युवा लड़कियों को यह संदेश देती हैं कि अपने लक्ष्य तक पहुंचने के लिए वे कड़ी मेहनत करें और कभी हार न मानें, हमेशा अपने सपनों का पीछा करें जब तक कि उन्हें हासिल न कर लें।

ज्ञात हो कि शुरू से ही पढ़ाई के अलावा खेल, गायन, नृत्य प्रतियोगिताओं जैसी विभिन्न गतिविधियों के प्रति रुझान रखने वाली सुश्री प्रगति एनसीएल द्वारा मानसिक और शारीरिक विकास के लिए आयोजित होने वाली आरोहण शिविर में सक्रिय रूप से भाग लेती रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *