भाजपा को प्रचार के अंतिम दौर में याद आए शिवराज, सड़कों पर उतारा

Newspost, Political/Election Desk, Rohit Gupta & RB Singh ‘Raaz’.

भारत में लोकसभा आम चुनावों के प्रथम चरण के लिये चुनाव प्रचार का अंतिम दौर अब प्रारंभ हो चुका है। बुधवार के बाद सार्वजनिक चुनावी सभाओं, रोड शो आदि के साथ ही कानफाडू भोंपू बंद कर दिये जाएंगे।

धुंआधार चुनाव प्रचार के आज और कल का समय ही अब शेष है। ऐसे में भाजपा को अंततः प्रदेश की महिलाओं के भाई और बच्चों के ‘मामा’ यानी पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की याद आ ही गई। सीधी लोकसभा क्षेत्र की जनता के बीच भी उनके मॉस लीडर वाली छवि के कारण, उन्हें मैदान में लेकर आ ही गई है। 

सोमवार को भाजपा द्वारा मामा शिवराज सिंह चौहान को सीधी संसदीय सीट पर दो बड़े चुनावी कार्यक्रमों में भेजा गया। वे सीधी और सिंगरौली जिले के बॉर्डर के क्षेत्र धौहनी विधानसभा के महुआगांव में स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेते हुए बड़ी जनसभा को संबोधित किये। उसके पश्चात शाम 6 बजे सीधी नगर में रोड शो करते हुए भाजपा प्रत्याशी डॉ. राजेश मिश्रा के लिए विजय श्री का आशीर्वाद मांगा।

लगातार हुईं भाजपा स्टार प्रचारकों की सभाएं

एक और जहां भारतीय जनता पार्टी लगातार 400 पार के अपने नारे को बुलंद कर रही है, वहीं सीधी संसदीय सीट में उसके नेता बार-बार अपनी प्रचंड जीत का दावा दोहरा रहे हैं। लेकिन रोचक बात यह भी है कि इतने बड़े दावे के बावजूद भी भाजपा सीधी संसदीय सीट में अपने स्टार प्रचारकों की धुआंधार सभाएं लगातार जारी रखे हुए है। जबकि कांग्रेस की तरफ से आज 15 अप्रैल को पहली बार उसके प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों में पार्टी के अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष की सीधी संसदीय सीट पर 3 सभाएं हुई हैं। कांग्रेस ने यहां चुनाव के प्रारंभिक दौर से ही अपने पूर्व नेता प्रतिपक्ष और सीधी जिले के चुरहट विधायक को ही बतौर स्टार प्रचारक मोर्चा संभालने के लिए उतार रखा है।

भाजपा ने राष्ट्रीय स्तर के स्टार प्रचारक उतारे

भाजपा के स्टार प्रचारकों की अतीत में हुई सभाओं पर यदि गौर किया जाए तो भाजपा से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सीधी संसदीय सीट पर अपनी चार सभाएं कर चुके हैं। वहीं केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की दो सभाएं तथा भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की एक सभा बहरी में आयोजित हुई। 

इसके बाद गत सोमवार को प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सभा महुआगांव और सीधी जिला मुख्यालय में रोड़ शो का कार्यक्रम भी आयोजित हुआ। 

ओबीसी वोट बैंक को लेकर भाजपा में बेचैनी

सीधी संसदीय सीट से भाजपा ने ब्राह्मण कैंडिडेट को मैदान में उतारा है। चुनाव प्रचार के अंतिम दौर पर यदि नजर डालें तो वर्तमान में भाजपा जिस ओबीसी वोट बैंक को अपना और सबसे मजबूत वोट बैंक समझती रही है, कांग्रेस द्वारा उसी ओबीसी कोटे से यहां अपना प्रत्याशी पार्टी के सी.डब्ल्यू.सी. मेंबर एवं पूर्व विधायक सिहावल कमलेश्वर पटेल को चुनाव मैदान में उतार कर सीधी संसदीय सीट पर भाजपा की बेचैनी बढ़ा दी है।

कांग्रेस आंतरिक रूप से सवर्णों में सेंधमारी, अल्पसंख्यकों को एकजुट करने में आंतरिक रूप से सक्रिय है। असंतुष्ट भाजपाईयों को टूल बनाने के साथ ही अपने कैंडिडेट के कारण ओबीसी कार्ड को कैश करने के लिए अपनी रणनीति पर आगे बढ़ने के प्रयास में जुटी है। पूरे संसदीय क्षेत्र में ओबीसी वोट बैंक को एकजुट करने के प्रयास में भी लगी हुई है।

सूत्र बताते हैं कि भाजपा द्वारा चुनाव के दौरान लगातार कराए जाने वाले आंतरिक सर्वे में सीधी सांसदीय सीट पर ओबीसी वोट बैंक के कांग्रेस की तरफ रुझान के इनपुट मिले हैं। जिसका ही ये परिणाम है कि भाजपा को अचानक से पार्टी के ओबीसी फेस एवं प्रदेश के वर्तमान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की चुरहट विधानसभा के हनुमानगढ़ में तथा व्यौहारी विधानसभा में ओबीसी वोट बैंक को लेकर सभाएं करानी पड़ीं तथा इसी ओबीसी वोट बैंक को पार्टी के खाते से जोड़े रखने के लिए पुराने ओबीसी फेस मामा यानी शिवराज सिंह चौहान को धौहनी विधानसभा में सभा व सीधी शहर में रोड शो करने के लिए भेजा गया।

फूफा की भूमिका वाले भाजपा नेताओं की लगी क्लास ?

इन सबके बीच रोचक बात ये भी है कि शिवराज सिंह चौहान ने सीधी संसदीय सीट पर अपने कार्यक्रमों के उपरांत रात्रि विश्राम भी सीधी में ही किया। इसका सीधा संकेत ये भी हो सकता है कि वे यहाँ भाजपा के भीतर चुनावी द्वारचार के दौरान फूफा बने नाराज चल रहे पार्टी के नेताओं की वन टू वन क्लास लेकर उन्हें समझाएंगे कि सुधर जाओ, वरना तुम्हारी भी हालत…?

फिलहाल दलगत कार्यकर्ता औपचारिकता निभा रहे तो मतदाता मौन है। विशेषकर भाजपाई फील गुड मूड में तो कांग्रेसी कुछ सुस्त दिखाई देते हैं। स्टार प्रचारकों की सभाओं के बाद देखना रोचक रहेगा कि सीधी संसदीय सीट पर मतदान के पूर्व कौन सी पार्टी अपने पक्ष में लहर बनाने में कामयाब होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *