चितरंगी विधानसभा क्षेत्र के बगदरा में चुनावी सभा व शाम को बैढ़न में करेंगे रोड शो, रथ सभा
कल प्रात: देवसर विधानसभा क्षेत्र के माड़ा में करेंगे जनसभा
Newspost, Election Desk, सिंगरौली/भोपाल.
विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र भरे जाने और चुनाव चिन्ह आवंटित होने के बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने चुनावी प्रवास पर आज रविवार को उमरिया, शहडोल व सीधी के विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी कार्यक्रमों में सम्मिलित होते हुए सिंगरौली पहुंच रहे हैं।
सीएम चौहान का प्रवास कार्यक्रम: ?

आज दोपहर सिहावल विधानसभा क्षेत्र से हेलीकॉप्टर द्वारा 4 बजे सिंगरौली जिले की चितरंगी विधानसभा क्षेत्र के बगदरा में भाजपा प्रत्याशी राधा सिंह के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। सायं 5.10 बजे बैढ़न पहुंचेंगे। यहाँ सिंगरौली विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी रामनिवास शाह के पक्ष में रोड शो के साथ ही रथ सभा द्वारा मतदाताओं को संबोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री इस कार्यक्रम के बाद रात्रि विश्राम के दौरान भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक करेंगे तथा चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगे। कल सोमवार को वे देवसर विधानसभा क्षेत्र के माड़ा में भाजपा कैंडिडेट राजेंद्र मेश्राम के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। वहां से वे रीवा के लिये प्रस्थान करेंगे। उनकी चुनावी सभाओं तथा रोड शो के सफल आयोजन के लिये प्रदेश उपाध्यक्ष कांतदेव सिंह के दिशा-निर्देश में पूरी भाजपा जुटी हुई है।
भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष राम सुमिरन गुप्ता ने सभी पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा आम मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंच कर मुख्यमंत्री जी को सुनने तथा उनकी चुनावी सभाओं तथा रोड शो को प्रभावी बनाने की अपील की है।
आज विभिन्न जिलों के 7 कार्यक्रमों में होंगे सम्मिलित:
मुख्यमंत्री श्री चौहान आज प्रात: 9.40 बजे भोपाल स्थित स्टेट हैंगर से विमान द्वारा सवा 10 बजे जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहाँ से 10.20 पर हेलीकॉप्टर से उमरिया, शहडोल व सीधी में चुनाव प्रचार करने के बाद अपरान्ह 4 बजे सिंगरौली के बगदरा पहुंचेंगे। एक ही दिन में सीएम शिवराज सिंह उमरिया व शहडोल में एक -एक, सीधी में 3 व सिंगरौली में दो अर्थात कुल 7 कार्यक्रमों में सम्मिलित होंगे।
