मुख्यमंत्री ने अपने पहले सिंगरौली प्रवास पर किया ₹ 257 करोड़ के विकास कार्यो का लोकार्पण व शिलान्यास
Newspost, Political Desk, Rohit Gupta.
सिंगरौली। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने अपने पहले सिंगरौली प्रवास के दौरान बिलौंजी स्थित एनसीएल बाउंड्री में आयोजित स्व सहायता समूह के सम्मेलन व संवाद कार्यक्रम में रु 257 करोड़ के विकास कार्य का लोकार्पण व शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में एमपी देश का सर्वोत्तम प्रदेश व भारत विश्व का नंबर वन देश बनेगा। भाजपा की सरकार संवेदनशील, सर्वांगीण विकास कार्य व सबकी इज्जत करने वाली सरकार है। हम सरकार बनाने के बाद आराम नहीं करते बल्कि दूसरे दिन से ही विकास कार्य में जुट जाते हैं।
इस दौरान नगरीय मंत्री प्रतिमा बागरी, पंचायत राज्य मंत्री राधा सिंह, विधायक राम निवास साह, राजेन्द्र मेश्राम, विश्वामित्र पाठक के साथ पूर्व विधायक राम लल्लू बैस, सुभाष वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष कांत देव सिंह, जिलाध्यक्ष रामसुमिरन गुप्ता, प्राधिकरण अध्यक्ष दिलीप शाह, ननि अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, आदि मौजूद रहे। निर्धारित कार्यक्रम से लगभग ढाई घंटे देर से पहुंचे सीएम डॉ यादव ने कहा कि हमारे सरकार की पहली प्राथमिकता विकास कार्य रहता है। देश के पीएम मोदी जी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार में ऐतिहासिक विकास कार्य हो रहा है। भाजपा सरकार पर देश की जनता का जिस तरह से विश्वास बढ़ा है उस पर खरा उतरकर हमारी पार्टी अनगिनत विकास कार्य कर रही है।

इंडी गठबन्धन के नेताओं पर तंज कसते हुए सीएम डॉ यादव ने कहा कि मोदी जी का कोई राजनीतिक परिवार नहीं है। सम्पूर्ण भारत की जनता मोदी जी का परिवार है। वे गुजरात के सफलतम मुख्यमंत्री व अब देश के सबसे लोकप्रिय सफल प्रधानमंत्री हैं। सीएम डॉ यादव यहीं नहीं रुके बल्कि विरोधियों को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी पार्टियों ने जिस तरह से राम का नाम लेने व राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के आमंत्रण को ठुकराया है उसी तरह जनता भी उन्हें ठुकरायेगी।
हवाई पट्टी बनेगी हवाई अड्डा व उपभोक्ता फोरम की मिली सौगात
पहली बार सिंगरौली पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ यादव को देखने हजारों की संख्या में उमड़ी जनता को सौगात देते हुए सीएम डॉ यादव ने सिंगरौलिया पट्टी को हवाई अड्डे में परिवर्तित करने तथा जिले में जल्द ही उपभोक्ता फोरम की स्थापना होगी। उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से बीमार मरीज जिन्हें अन्यत्र दूसरे प्रदेश में रेफर किया जाता है, उनके लिए बेहतर उपचारार्थ सुविधा की दृष्टि से अब एयर एम्बुलेंस की सुविधा निःशुल्क मुहैया कराई जाएगी। इसके अलावा जिले में एक वृहद स्टेडियम का निर्माण लोकसभा चुनाव के बाद कराए जाने की भी घोषणा की। सीएम डॉ यादव ने अपील किया कि मोदी जी को मजबूती देने के लिए धारा 370 की संख्या के बराबर भाजपा व एनडीए को 400 के पार सीट दिलायें। तभी जिले, प्रदेश व देश का विकास होगा तथा भारत बहुत जल्द एक विकसित राष्ट्र बनेगा। इससे पूर्व सीएम डॉ यादव ने रिमोट से 257 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इस दौरान लोकसभा प्रत्याशी डॉ राजेश मिश्रा को भारी मतों से विजयी बनाने की जनता से अपील की।
आभार रैली में उमड़ी भीड़ देखकर खुश हुए सीएम
निर्धारित समय से लगभग ढाई घण्टे देरी से सीएम डॉ यादव पहुंचे। लेकिन पहली बार सिंगरौली जिले में आ रहे सीएम को देखने भारी संख्या उमड़ी जनता इंतजार करती रही। मुख्यमंत्री डॉ यादव 4 बजे हर्रई एनसीएल बाउंड्री में पहुंचे और जन आभार यात्रा में शामिल हुए। यात्रा के दौरान जिले की जनता ने सीएम के ऊपर पुष्प वर्षा व गगनभेदी नारेबाजी कर जोरदार स्वागत किया। जनता के अथाह प्रेम व समर्थन से सीएम डॉ यादव अभिभूत नजर आए।
