कांग्रेस ने 8 मार्च को 39 उम्मीदवारों वाली पहली लिस्ट की थी जारी. आज की बैठक में दूसरी लिस्ट फाइनल करने की योजना.

Newspost, Editor’s Political Desk, Rohit Gupta.

New Delhi. लोकसभा 2024 के चुनावी समर के लिये कांग्रेस आज, सोमवार 11 मार्च को अपने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर सकती है। कांग्रेस पार्टी की सेंट्रल इलेक्शन कमिटी की दूसरी मीटिंग दिल्ली में ऑल इंडिया कांग्रेस कमिटी के मुख्यालय में आज होने वाली है।
न्यूज एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि ये बैठक शाम 6 बजे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में की जाएगी जिसमें कांग्रेस संसदीय दल की चेयरपरसन सोनिया गांधी और सांसद राहुल गांधी भी शामिल होंगे। इस बैठक में कर्नाटक, राजस्थान, छत्तीसगढ़, हरियाणा, तमिलनाडु, दिल्ली और मध्य प्रदेश की लोकसभा सीटों पर चर्चा की जाएगी। सूत्रों के मानें तो इस बैठक में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए नेताओं के नाम पर भी चर्चा हो सकती है।

कांग्रेस ने 8 मार्च को जारी की थी पहली लिस्ट
कांग्रेस ने बीते शुक्रवार, 08 मार्च को 39 लोकसभा सीटों के लिये पहली सूची जारी की थी जिसमें छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, लक्षद्वीप, मेघालय, नागालैंड, सिक्किम, तेलंगाना और त्रिपुरा जैसे राज्य शामिल थे। कांग्रेस ने जिन 39 उम्मीदवारों को टिकट दिया है उनमें केरल से 16, कर्नाटक से 7, छत्तीसगढ़ से 6, तेलंगाना से 4, मेघालय से 2 और त्रिपुरा, सिक्कम और मेघालय से एक-एक उम्मीदवार हैं।

कांग्रेस ने पहली लिस्ट में राहुल गांधी, शशि थरूर, भूपेश बघेल, केसी वेणुगोपाल, कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के भाई डीके सुरेश जैसे दिग्गजों को शामिल किया था। वहीं सूत्रों के अनुसार दूसरी सूची में प्रियंका गांधी, इमरान मसूद, सुप्रिया श्रीनेत के साथ-साथ राहुल गांधी का अमेठी से नाम हो सकता है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने कहा था, पार्टी ने जिन 39 उम्मीदवारों को चुना है उनमें 24 एससी, एसटी, ओबीसी और अल्पसंख्यक लोग हैं और 15 लोग सामान्य वर्ग के हैं। भारतीय जनता पार्टी 195 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर चुकी है। अगले कुछ दिनों में बीजेपी की दूसरी लिस्ट भी सामने आ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *