बीजेपी के जनजातीय बूथ पदाधिकारी की बेरहमी से पिटाई का मामला..?
बगदरा चौकी प्रभारी ने दिखाई क्रूरता, खम्भे में बांधकर जानवरों की तरह पीटा, हालत नाजुक..
Newspost, Regional Desk.
सिंगरौली, मध्य प्रदेश। प्रदेश की भाजपा की डॉ मोहन यादव की सरकार में भाजपा के एक जनजातीय बूथ कार्यकर्ता के साथ की गई पुलिसिया बर्बरता अब चर्चा में आ गई है। हालांकि सिंगरौली जिले के चितरंगी विकास खंड क्षेत्र में कार्यरत बगदरा चौकी के प्रभारी ने इन आरोपों को असत्य एवं मनगढंत बता दिया है।
क्या है पूरा किस्सा ?
प्राप्त जानकारी के अनुसार पारिवारिक विवाद को लेकर एक आदिवासी भाजपा बूथ महामंत्री को बगदरा पुलिस ने उठा लिया और जानवरों की तरह पीट-पीटकर गंभीर रूप से उसे घायल कर दिया। यह घटना गत 10 दिसम्बर की बताई गई है।
बताया यह जाता है कि बगदरा चौकी क्षेत्र केे ग्राम नेवारी के कठौहवा निवासी शिवनारायण सिंह गोड़ पिता शिववरन सिंह गोड़ का पारिवारिक विवाद उसकी भाभी से था। गांव के लोग कुछ बातों को लेकर नाराज थे। तो शिवनारायण ने अपने भाभी को गांव वालों की सलाह मान लेने को कहा। इस बात को शिवनारायण की भाभी ने अपनी प्रतिष्ठा का प्रश्न बना लिया और पुलिस चौकी में अपने मन माफिक लिखित रिपोर्ट कर दिया।
उक्त शिकायत के मिलने के बाद पुलिस शिवनारायण को चौकी आने का सलाह देने लगी और यहीं से बात बिगड़ गई। शिवनारायण सिंह के अनुसार बड़ा विवाद नहीं था। गांव में आने के बाद पुलिस मामले को निपटा सकती थी। लेकिन चौकी प्रभारी खेलन सिंह करिहार, आरक्षक विकास मौर्या एवं सैनिक तेजबली सिंह 10 दिसम्बर को सुबह करीब 9 बजे पहुंचे और 10 बजे शिवनारायण को चौकी उठाकर ले गये। वहाँ ट्यूबेल बोर पाईप के टुकड़ों से उसे जानवरों की तरह बेरहमी से पीटने लगे। शिवनारायण के अनुसार जब अचेत अवस्था में पहुंचा तब शायद पिटाई बन्द कर दिये हों। इस दौरान चौकी प्रभारी खेलन सिंह, आरक्षक विकास मोर्या एवं तेजबली सिंह इस बीच अश्लील व अभद्र गालियां तथा बीजेपी नेता कहते बार-बार कूटते रहे।
उसने आगे बताया कि रात भर चौकी में लॉकअप के अन्दर अर्धनग्न स्थिति में बन्द कर रखा था। पीड़ित आदिवासी ने यह भी बताया कि दूसरे दिन 11 दिसम्बर को उपखण्ड न्यायालय में जाफौ 151 के तहत पेश किया। जहां से जमानत दे दी गई। इस दौरान चौकी प्रभारी व आरक्षक विकास मौर्या बार-बार महिला से छेड़खानी एवं दुराचार जैसे संगीन अपराधों में फंसाने की धमकी दे रहे थे।
भाजपाईयों में बढ़ी चौकी प्रभारी के खिलाफ नाराजगी
बूथ महामंत्री के साथ अकारण निर्मम मारपीट करने वाले चौकी प्रभारी एवं आरक्षक विकास मौर्या तथा सैनिक तेजबली सिंह से बगदरा मंडल के कई नेता नाराज बताए जा रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष लाल बहादुर बैस ने चौकी प्रभारी को बताया भी था कि किसी को बेवजह परेशान न करें और यहां तक कहा था कि आज मंडल अध्यक्ष निर्वाचन के लिए रायशुमारी बगदरा में चल रही है। मतदान के लिए उसे छोड़ दें। उसने कोई बड़ा अपराध नहीं किया है। इसके बावजूद चौकी प्रभारी ने भाजयुमो नेताओं की बात अनसुनी कर दी और खाना खिलाने के नाम पर डण्डे बरसा रहे थे।
चौकी प्रभारी के इस कृत्य से भाजपाई नाराज हैं। वे इसकी शिकायत पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री राधा सिंह से करेंगे। साथ ही चौकी प्रभारी को हटाने की मांग एवं उनके क्रियाकलापों का चिट्ठा खोलेंगे।
50 हजार रुपये की थी डिमांड
पीड़ित आदिवासी एवं खम्हारडीह बूथ क्रमांक 5 भारतीय जनता पार्टी के महामंत्री ने बताया कि चौकी प्रभारी द्वारा केस को रफादफा करने और चौकी से मुक्त करने के एवज में 50 हजार रुपये की डिमांड की गई थी। यदि यह 50 हजार रुपये सुविधा शुल्क दे दिये होते तो शायद पिटाई न करते। सिर्फ पैसे के लिए इतनी बेरहमी से मारपीट किया है। बगदरा चौकी में लूट मची है। यहां सिर्फ पैसे के लिए ही किसी भी व्यक्ति को जानवरों की तरह पीटने लगते हैं। आगे बताया कि मामूली पारिवारिक विवाद में इतनी बेरहमी से मारपीट किया है। मुझे इंसाफ चाहिए।
इनका कहना:-
किसी के साथ कोई मारपीट नहीं की गई है। आरोप बेबुनियाद है। 151 के तहत कार्रवाई की गई है। मारपीट किसने किया, इस बारे में शिवनारायण ही बता पाएगा।
खेलन सिंह करिहार
पुलिस चौकी प्रभारी, बगदरा
