मोरवा विस्थापन मंच की बैठक में जुटे सैकड़ों नागरिकों ने अपनी अपनी आशंकाओं को किया व्यक्त
Newspost, City Desk.
सिंगरौली, मध्य प्रदेश। नगर निगम सिंगरौली के मोरवा नगर के अधिग्रहण के लिये एनसीएल द्वारा आननफानन लगाई गई धारा 9 के बाद विस्थापन की स्थिति विशेषकर बसाहट एवं मुआवजा को लेकर नागरिकों में खलबली मची हुई है। इन मुद्दों को लेकर रविवार को मोरवा विस्थापन मंच द्वारा बस स्टैंड के समीप शिव मंदिर परिसर में सभा आयोजित कर प्रभावित होने वाले लोगों का सुझाव लिया गया। लोगों ने अपने अपने सुझाव दिए तथा एक साथ मिलकर अपने हक की लड़ाई लड़ने के लिए समर्थन दिया। विदित हो कि इस अधिग्रहण से 50 हजार से अधिक परिवार कोयला उत्खनन के लिये उजाड़े तथा लगभग इतने ही लोग तथा लगभग 20 हजार छात्र प्रभावित होंगे। तीन हजार से अधिक दुकानदार इस विस्थापन से प्रभावित होंगे।
इस बैठक में विस्थापन के पूर्व व्यवस्थित बसाहट सुनिश्चित करना, विस्थापन में भूमि का रेट क्या होगा, सिंगरौली के विस्थापित के अलावा प्रभावित व्यक्तियों को एनसीएल प्रबंधन क्या देगा, इसे स्पष्ट करने इत्यादि मुद्दों पर चर्चा करने के उपरांत आगे की रणनीति बनाने को लेकर चर्चा की गई। इस मौके पर राजेश सिंह ने कहा कि सबका लक्ष्य एक है कि हमें नगर निगम क्षेत्र में ही एक सुव्यवस्थित, सुनिश्चित बसाहट दिया जाय, इसके लिए प्रयास किया जा रहा है। पिछली बार हुए विस्थापन में जो गलतियां हमारे बुजुर्गों, मित्रों व भाइयों से हुई थी उसको हम न दोहराएं। हमें जैसे हमारे बाबा दादा पिताजी ने अच्छा घर, अच्छा नगर और अच्छा सामाजिक वातावरण दिया है, हम आने वाली पीढ़ी को कम से कम ऐसा ही सुसज्जित एक नया मोरवा, सुंदर मोरवा, स्वच्छ मोरवा दें यह हमारा दायित्व और अधिकार है जिसकी हम मांग कर रहे हैं। वहीं शेखर सिंह ने कहा कि विस्थापन के कुल दो एक्ट सीबी एक्ट और लार एक्ट में होते हैं। हमारी मांग है कि हमें लार एक्ट के तहत विस्थापित कर जल्द से जल्द मुआवजा दिया जाय। जल्दी से जल्दी सुव्यवस्थित ढंग से फिर से न्यू मोरवा का बसाहट हो। कार्यक्रम का संचालन कर रहे भूपेन्द्र गर्ग ने कहा कि धारा 9 लगने के बाद आज प्रभावित लोगों के साथ बैठक की गई है। इसमें हम लोग तय कर आगे की रणनीति बनायेंगे और एनसीएल के सीएमडी एवं कलेक्टर से बात कर सभी को ज्यादा से ज्यादा लाभ पहुँचाने का प्रयास करेंगे।

इस अवसर पर चंदन सिंह प्रिंस, सतीश उप्पल, गोपालजी श्रीवास्तव, निखिल सिन्हा, आशीष टंडन, अभ्यूदय सिंह, राजेश अग्रहरी, आलोक यादव, चन्द्रिका वर्मा, मनीष सिसोदिया, राजेश्वर बैस सहित बड़ी संख्या में मोरवा क्षेत्र के लोग उपस्थित रहे।
