श्रीराम कथा के तीसरे दिन व्यास ममता पाठक ने श्रोताओं को किया भाव विह्वल
Newspost, Regional Desk. Bihari Lal Gupta.
सिंगरौली। जिले के सरई के राधाकृष्ण मंदिर बनियान तालाब में चल रहे श्रीराम कथा भागवत व श्री हनुमान मारुति यज्ञ में श्री राम कथा के तीसरे दिन अंतर्रष्ट्रीय कथा वाचिका ममता पाठक ने कहा कि सत्संग की एक घड़ी जो होती हैं वह करोड़ों वर्षो की तपस्या से बढ़कर है। इतनी महिमा है सत्संग की, कथा श्रवण करने की। इसलिए जीवन में जब भी ऐसा अवसर मिले चाहे थोड़ी देर के लिए ही सत्संग में जरूर जाइये। संतों का संग करिए, शास्त्रों का संग करिए क्योंकि उनका संग करने से हमारे बहुत बड़े-बड़े अपराध जो अनजाने में हुए होंगे वह सब सत्संग से कट जाते हैं। सत्संग कि इतनी महिमा है कि संत की शरण में चले जाने से, शास्त्रों का संग कर लेने से व्यक्ति का अपराध पाप दूर होने लगता है। संतों का दर्शन कर लेने से व्यक्ति का पाप दूर होने लगता है इतनी संत की महिमा है।
भगवत कथा पंडाल में आती हैं अदृश्य दैवीय शक्तियां :
उन्होंने कहा कि कथा पंडाल ऐसा स्थान है जहां पर बड़े-बड़े परमहंस आते हैं कुछ ऐसे होते हैं जो हम आंखों से नहीं देख सकते। न जाने ऐसी कितनी अदृश्य शक्तियां कथा श्रवण करने के लिए आती हैं। क्योंकि यह कथा की महिमा है। बड़े-बड़े देवता आते हैं। सत्संग की भूमि बहुत ही पवित्र होती है। लेकिन कहते हैं ना भगवान जिस पर कृपा करते हैं वही व्यक्ति सत्संग तक पहुंच पाता है। आप लोग जो कथा श्रवण कर रहे वैसे तो सरई में बहुत सारे लोग हैं लेकिन सिर्फ इतने लोग ही क्यों बैठे हैं यह भी यह विचार करने की बात है। यह रघुनाथ जी की कृपा है कि आप सब लोग कथा श्रवण कर रहे हैं उनकी कृपा के बिना कथा सत्संग नहीं मिलता है।

इसके साथ ही कथा वाचिका ममता पाठक ने प्रवचन करते हुए विविध प्रसंगों को सुनाया, वहीं कार्यक्रम के अंत में आरती कर प्रसाद वितरण किया गया। कार्यक्रम श्री राम कथा भागवत दिनांक 10 मई से प्रारंभ होकर 18 मई तक चलेगा जो समय दोपहर 3:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक हैं। तो वही महायज्ञ समय सुबह 7:00 से 11:00 बजे तक चलता है। हवन,तर्पण, महाप्रसाद भंडारा 19 मई को आयोजित किया गया है।
