UP Desk, फिरोजाबाद.
UP के फिरोजाबाद जनपद में हुई एक अनहोनी के कारण एक मासूम की मृत्यु हो गई। बताया जाता है कि भैंस की जंजीर में बच्चे का हाथ उलझ गया. इसके बाद भैंस के साथ उसकी जंजीर में फंसा बच्चा भी तालब में चला गया। वहां गहरे पानी में डूबने से बालक की मौत हो गयी. पुलिस ने बालक के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया है. परिजनों को हर सम्भव मदद का भरोसा दिया गया है.
घटना जसराना थाना क्षेत्र के गांव बहत के मजरा नगला बरेली की है.
पुलिस को दी गयी जानकारी के अनुसार दिल्ली में रहकर मजदूरी करने वाले नेत्रपाल का पुत्र ऋतिक कक्षा 3 का छात्र था. बुधवार की सुबह वह घर के बाहर खेल रहा था कि उसी दौरान अचानक उसकी भैंस की जंजीर खूंटे से खुल गई और वह भागने लगी. तभी ऋतिक द्वारा भैंस को पकड़ने के प्रयास में उसका हाथ जंजीर में फंस गया. जंजीर से बंधी भैंस बालक को खींचकर तालाब में ले गई और तालाब में डूबने से मासूम की मौत हो गई.
जानकारी मिलने पर लोगों ने बालक के शव को तालाब से बाहर निकाला. सांत्वना के लिए बालक को चिकित्सक के पास ले जाया गया. जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया. बालक की मौत की जानकारी मिलने पर नेत्रपाल के परिवार में कोहराम मच गया.
सूचना मिलने पर पिता नेत्रपाल जब घर पहुंचा तो अपने बेटे का शव देखकर बेसुध हो गया. घटना की जानकारी मिलने पर एसडीएम पारसनाथ मौर्य एवं थाना जसराना पुलिस मौके पर पहुंची. इस दौरान एसडीएम पारसनाथ मौर्या ने बताया कि खेलते समय बालक की तालाब में डूबने से मौत हुई है. पोस्टमार्टम कराने के बाद दैवीय आपदा के तहत पीड़ित परिवार को 4 लाख की आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया गया है. वहीं, थाना प्रभारी महेश सिंह ने बताया कि बालक के शव का पीएम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
