सिंगरौली जिले का लक्ष्य बढ़ा, बनाए जाएंगे 2 लाख सदस्य

Newspost, Political Desk. A. Anand

रविवार को भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता महाभियान को लेकर मोर्चा, प्रकोष्ठ एवं विभाग की संयुक्त बैठक भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में सम्पन्न हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाध्यक्ष राम सुमिरन गुप्ता उपस्थित रहे तथा बैठक की अध्यक्षता सदस्यता अभियान के प्रभारी एवं जिला महामंत्री सुंदरलाल शाह ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक देवसर राजेंद्र मेश्राम एवं निगम अध्यक्ष देवेश पांडेय उपस्थित रहे। 

कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ भारत माता एवं पितृ पुरुषों के छायाचित्र पर माल्यार्पण से हुआ। सदस्यता अभियान के प्रभारी सुंदरलाल शाह ने उपस्थित समस्त अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया तथा आगामी सदस्यता अभियान की संक्षिप्त रूपरेखा प्रस्तुत की। प्रभारी ने बताया कि हमारे जिले के लिए प्रदेश नेतृत्व द्वारा सदस्यता का पूर्व निर्धारित लक्ष्य डेढ़ लाख से बढ़ाकर दो लाख कर दिया है और यह लक्ष्य आगे बढ़ाया भी जा सकता है। इसलिए हम सबको पूर्व से ही‌ तैयारी बनाकर रखनी है और हमें सदस्यता अभियान में निर्धारित लक्ष्य से ऊपर जाकर अपने जिले को प्रदेश में प्रथम स्थान पर लाने का प्रयास करना‌ है। पार्टी ने प्रत्येक पदाधिकारी, प्रत्येक मोर्चा, प्रत्येक प्रकोष्ठ, प्रत्येक विभाग के लिये अलग-अलग लक्ष्य निर्धारित किये हैं और हम सबको अपने लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए ही इस अभियान में अपना योगदान देना है।

विधायक देवसर राजेंद्र मेश्राम ने कहा कि मुख्यमंत्री जी ने घोषणा की है कि सदस्यता अभियान के प्रदर्शन के आधार पर‌ ही कार्यकर्ता को सांगठनिक एवं शासकीय पदों में नियुक्तियां की जायेंगी। हम सब मिलकर इस अभियान को उत्सव की तरह मनायेंगे और लक्ष्य से ज्यादा सदस्य बनायेंगे। 

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि ये संगठन पर्व जो हम‌ सब मनाने जा रहे हैं ये ही हमारी पार्टी एवं‌ संगठन की बुनियाद है। हम विश्व के‌ सबसे बडे़ राजनैतिक दल के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं। आज भारतीय जनता पार्टी अपने संविधान के अनुसार पुनः नवीन सदस्यता प्रारंभ कर रही है इस अभियान में हमें अपने सदस्यों की सदस्यता के साथ साथ नये सदस्यों को अधिकाधिक संख्या में जोड़ना‌ है। कोई भी नव युवक जो 18 वर्ष की आयु प्राप्त कर चुका है वो हमारा प्राथमिक सदस्य बन सकता है। सक्रिय सदस्य बनने के लिये प्रत्येक कार्यकर्ता को अनिवार्य रूप से पचास सदस्य बनाने पड़ेंगे तथा पार्टी द्वारा निर्धारित मापदंडों पर ही उन्हें सक्रिय सदस्यता प्रदान की जायेगी। जिलाध्यक्ष ने कहा‌ कि प्रत्येक बूथ पर 250 सदस्य बनाना अनिवार्य है तथा निर्धारित लक्ष्य से ऊपर जाकर हम सबको अपनी योग्यता प्रदर्शित करनी है। पार्टी ने समस्त जन प्रतिनिधियों के साथ-साथ पदाधिकारियों के लिये भी लक्ष्य निर्धारित किये हैं। 2 सितंबर को सायं 5 बजे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी पहली सदस्यता ग्रहण करेंगे तथा उसके बाद विधिवत सदस्यता अभियान का शुभारंभ हो जायेगा। हम‌ सभी इस सदस्यता अभियान को संगठन पर्व के रूप में मना रहे हैं और यह सदस्यता अभियान हमारे संगठन का सबसे बड़ा पर्व होने जा रहा है। सिंगरौली जिले में हम निर्धारित लक्ष्य से अधिक सदस्य बनाकर प्रदेश के प्रथम पंक्ति वाले जिलों में शामिल होंगे ऐसा मुझे पूर्ण विश्वास है। 

बैठक का संचालन पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिलाध्यक्ष कमलेश वैश्य ने किया तथा आभार प्रकट करने का कार्य महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सीमा जायसवाल ने किया। 

बैठक में मुख्य रूप से सदस्यता अभियान समिति के सदस्य पूनम गुप्ता, ध्रुव सिंह, वरिष्ठ नेता रमापति जायसवाल, जिला उपाध्यक्ष सरोज‌ सिंह, जिला मंत्री द्रोपदी सिंह मरकाम, विनोद चौबे, बबिता जैन, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह, सहकारिता प्रकोष्ठ संयोजक रविन्द्र चौबे, झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ संयोजक सुनील सिंह गहरवार, विधि प्रकोष्ठ संयोजक एडवोकेट प्रदीप शाह, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ संयोजक विनोद द्विवेदी, आइटी सेल संयोजक सुरेश गिरी समेत‌ अपेक्षित पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे। यह जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी नीरज सिंह परिहार ने साझा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *