झिंगुरदह में हुई घटना, 5 लाख के लूट की जानकारी
व्यापारी के घर में घुसे थे आधा दर्जन हथियारबंद नकाबपोश लुटेरे
Newspost, Regional Desk- MP.
सिंगरौली, मध्य प्रदेश। शनिवार, 31 अगस्त की देर रात मोरवा थानांतर्गत एनसीएल झिंगुरदा परियोजना के शापिंग सेंटर के एक आवास में लूट की घटना होने की जानकारी फ्लैश हुई है। बताया गया है कि आधा दर्जन नकाबपोश बदमाशों द्वारा व्यापारी के घर में घुसे और कट्टा चमकाकर 5 लाख रुपये नकदी एवं आभूषण की लूट की और फरार हो गये। लुटेरों को देशी तमंचा एवं धारदार हथियारों से लैस बताया गया है। हाल ही मोरवा पुलिस ने सेंधमार चोर गिरोह का पर्दाफाश किया था। किंतु इस अंधी डकैती की घटना ने स्थानीय पुलिस को भारी तनाव के साथ बड़ी चुनौती परोस दी है।
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची मोरवा पुलिस ने सर्चिंग की लेकिन लुटेरों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा। इस घटना से स्थानीय लोगों में भय व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार झिंगुरदा शापिंग सेंटर की दुकान नं. 11 में रीना शुक्ला पति अवधेश शुक्ला की किराना दुकान है। वे प्रतिदिन की तरह शनिवार को भी रात में 10 बजे दुकान से लगे आवास में जाकर भोजन करने के बाद में सो गए। लगभग एक से दो बजे के बीच रात्रि में शॉपिंग सेंटर की छत से चढ़कर आधा दर्जन हथियारबंद नकाबपोश बदमाश उनके आंगन में कूद गए। घर का दरवाजा खुलने के बाद वे घर वालों के साथ धक्का मुक्की करते हुए घर में घुस गए। अवधेश शुक्ला को कट्टा से फायर करने की धमकी दी और रस्सी से महिलाओं के हाथ बांध दिए। हथियार लहराते हुए घर में रखे सामान को तितर बितर करते हुए करीब पांच लाख रुपये नगदी एवं अवधेश शुक्ला की सोने की अंगूठी तथा बच्ची के नाक की कील व अन्य सामान लेकर फरार हो गए।
पीड़ित परिवार ने रात में ही मोरवा थाना एवं झिगुरदा सिक्योरिटी को फोन पर घटना की जानकारी दी। घटना की सूचना मिलने के बाद रात में ही पुलिस एवं एनसीएल सुरक्षा बल की टीम मौके पर पहुंचकर लुटेरों को तलाशने लगी। लेकिन उनका न तो कहीं पता चला, न ही कोई सुराग हाथ लगा। रविवार की सुबह मोरवा थाना प्रभारी कपूर त्रिपाठी दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिवार जनों से पूछताछ कर आरोपियों के बारे में जानकरी ली। आरोपियों को जल्द पकड़ने का पीडित परिवार को आश्वासन भी दिया गया।
फिलहाल पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर अज्ञात नकाबपोश बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
