Newspost, Election Desk, Rohit Gupta.

भोपाल/ सिंगरौली। लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा के 370 सीटें एवं एनडीए की 400 पार सीटों के लक्ष्य को साधने के लिये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक एक लोकसभा सीटों को साधने के लिए अहर्निश प्रवास, रोड शो एवं सभाएं कर रहे हैं। दूसरी ओर मध्य प्रदेश में सत्तासीन भाजपा जो यहाँ की सबसे बड़ी पार्टी है, इसका लक्ष्य भी यहां की सभी 29 सीटों पर कमल खिलाने का है। प्रदेश में 2023 में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में सीधी संसदीय क्षेत्र क्रमांक 11 से सांसद रहीं रीती पाठक को असेंबली चुनाव लड़ा दिये जाने के बाद तमाम दावेदारियों को दरकिनार करते हुए लोकसभा के अपने अधिकृत उम्मीदवार के रूप में पार्टी ने डा. राजेश मिश्रा को मैदान में उतारा है। राजेश मिश्रा की लोकसभा क्षेत्र, विशेष कर सिंगरौली जिले में कोई राजनीतिक पहचान नहीं है तो दूसरी ओर उनके गृह ग्राम सीधी में भी पुरजोर विरोध की चर्चा की जा रही है।

ऐसे में इस सीट को जीतने के लिये भाजपा ने अब स्टार प्रचारकों को यहाँ लैंड कराने की तैयारी कर ली है। आगामी 6 अप्रैल को केन्द्रीय रक्षा मंत्री, बीजेपी मैनिफेस्टो कमेटी के चेयरमैन व पार्टी के कद्दावर क्षत्रिय नेता राजनाथ सिंह सिंगरौली व सीधी के चुनावी भ्रमण पर आ रहे हैं। श्री सिंह सिंगरौली हवाई पट्टी पर उतरेंगे और बैढ़न में सभा को संबोधित करने के बाद सीधी रवाना हो जाएंगे। वहाँ दोपहर का भोजन करने अलावा, रूठों को मनाने के साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलेंगे तथा आमसभा को संबोधित कर वापस दिल्ली प्रस्थान कर जाएंगे।

देखें रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का कार्यक्रम: 👇

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *