भाजपा की जिला स्तरीय चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक सम्पन्न
Regional Desk, MP CG, RB Singh ‘Raaz’, सीधी.
भारतीय जनता पार्टी जिला स्तरीय चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान की अध्यक्षता एवं उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता, पूर्व कैबिनेट मंत्री, पार्टी के जिला चुनाव प्रभारी सुरेश राणा के मुख्य आतिथ्य और पार्टी प्रत्याशी एवं सांसद रीती पाठक, प्रबंधन समिति के जिला संयोजक केके तिवारी, मीसा बंदी एड. यदुनाथ सिंह चौहान, पूर्व जिला अध्यक्ष बृज बिहारी लाल शर्मा की विशिष्ट उपस्थिति में संपन्न हुई।
संबोधित करते हुए कहा-
जिला स्तरीय चुनाव प्रबंधन समिति को संबोधित करते हुए जिले के चुनाव प्रभारी सुरेश राणा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं के त्याग, समर्पण से खड़ी हुई विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। इस पार्टी को बनाने में करोड़ों करोड़ों कार्यकर्ताओं ने परिश्रम की पराकाष्ठा करते हुए आज इस इस मुकाम पर लाकर खड़ा किया है। हमारे पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसा करिश्माई व्यक्तित्व है। व्यवस्थित प्रबंधन के साथ दायित्वोध एवं कर्तव्य निष्ठा के साथ सभी कार्यकर्ता दी गई टोली का कार्य बेहतर ढंग से करें।
पार्टी के जिला चुनाव प्रभारी श्री राणा ने कहा की सांसद एवं सीधी विधानसभा की भाजपा प्रत्याशी श्रीमती रीती पाठक, चुरहट के शरदेन्दु तिवारी, सिहावल के विश्वामित्र पाठक और धौहनी विधानसभा के प्रत्याशियों के साथ ही कार्यकर्ताओं को परिश्रम की पराकाष्ठा करते हुए जिले में कमल खिलाते हुए भगवा लहराना है। इस संकल्प के साथ जनता जनार्दन के बीच जाकर आशीर्वाद अर्जित करें। बेहतर चुनाव प्रबंधन के हुनर भी श्री राणा ने कार्यकर्ताओं को बताया।
प्रत्याशी है कमल, घर घर पहुंचें कार्यकर्ता: देव कुमार
भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में केवल प्रत्याशी चुनाव नहीं लड़ता बल्कि हर कार्यकर्ता पार्टी का प्रत्याशी है। हमारा चुनाव चिन्ह और प्रत्याशी कमल का निशान है। कमल के निशान को केंद्रित करते हुए पार्टी प्रत्याशी की विजय सुनिश्चित करें। जल्द ही शक्ति केंद्रों के सम्मेलन आयोजित करें।
जनता है जनार्दन, प्राप्त करें विजय श्री का आशीर्वाद: रीती
सांसद एवं भाजपा प्रत्याशी श्रीमती रीती पाठक ने कहा कि मैं पार्टी की वफादार सिपाही हूं। पार्टी कार्यकर्ताओं एवं पार्टी के निर्देश पर आपकी सहयोगी बनकर कार्य करूंगी। भारतीय जनता पार्टी की विजय सुनिश्चित हो, जिले में कमल खिले, इस हेतु आप सभी के आशीर्वाद के साथ-साथ जिले की जनता जनार्दन के आशीर्वाद की भी आकांक्षी हूं। मुझे विश्वास है कि पार्टी के हजारों हजार कार्यकर्ताओं एवं लाखों लाख जनता जनार्दन के समर्थन से हम विधानसभा चुनाव रिकॉर्ड मतों से जीतेंगे। हमने हर व्यक्ति के लिए कुछ न कुछ किया है।
चुनाव प्रबंधन समिति के जिला संयोजक के के तिवारी ने चुनाव प्रबंधन समिति की प्रस्तावना रखी। बैठक का संचालन जिला उपाध्यक्ष अनिल पांडे ने किया।
