भाजपा ने महाराष्ट्र में अब तक मिली जीत का रिकॉर्ड तोड़ा, महाराष्ट्र में 89.26% और यूपी में 77.77% रहा स्ट्राइक रेट.
Newspost, National Election Desk. @rohitgupta
नई दिल्ली। महाराष्ट्र व झारखंड राज्य में हुए विधानसभा चुनाव, उत्तर प्रदेश के 9 व उत्तराखंड के एक, एमपी, राजस्थान, बिहार, असम, पंजाब में विधानसभा के उप चुनाव के लिए पड़े मतों की आज, शनिवार, 23 नवंबर 2024 को गिनती का काम चला। अब तक आए रुझान व परिणामों को देखें तो भाजपा+ यानी एनडीए/ महायुति ने कमाल का परफॉरमेंस किया है। अभी संपन्न हुए चुनाव के प्राप्त रुझानों व रिजल्ट ने बहुतायत राजनीतिक पंडितों को झकझोर दिया है।
झारखंड जहाँ बदलाव की बयार बहती हुई दिखाई दे रही थी, वहां फिर से जेएमएम+ (इंडी गंठजोड़) की सरकार बन रही है। कुल 81 सीटों वाले झारखंड विधानसभा में भाजपा 3 सीटों के नुकसान के साथ 22 सीटों पर सिमट गई है। कांग्रेस 16 सीटों पर जीत के साथ अपने पुराने आंकड़े पर स्थिर है। हेमंत सोरेन की जेएमएम 3 सीट की लीड लेकर 33 सीटों पर कब्जा कर चुकी है। यहाँ पूर्ण बहुमत के साथ हेमंत सोरेन की सरकार बन रही है। यह आंकड़े बदल सकते थे। लेकिन समय रहते बीजेपी और उसके सहयोगी अजसु से चूक हो गई, दूसरी ओर जेएमएम की महतारी योजना चल गई। इस राज्य में टाइगर जयराम महतो की नई पार्टी द्वारा आजसु- भाजपा के वोटों में 8% की सेंधमारी की। इसका गहरा असर एनडीए के परिणाम पर पड़ा है।

मध्यप्रदेश की दो सीटों के उप चुनाव में एक-एक सीटें बीजेपी व कांग्रेस, यूपी में कुल 9 में 7 भाजपा+ तथा सपा के हिस्से में दो सीटें- करहल व सीसामऊ की ही गई हैं। पंजाब में हुए 4 सीटों के उपचुनाव में एक कांग्रेस जीत चुकी है, 3 पर आप आगे है। उत्तराखंड की केदारनाथ सीट भाजपा के खाते में गया है। केरल के वायनाड लोकसभा सीट से प्रियंका वाड्रा की जीत हुई है। बिहार की दोनों सीटों पर भाजपा जीती है। असम में बीजेपी को 2, अगप-1, कांग्रेस-1, एक सीट पर अन्य आगे है।

महाराष्ट्र में महायुति की महाजीत…
महाराष्ट्र में अब तक आए रुझान/परिणाम ने राज्य के मानचित्र को भगवा रंग में रंग दिया है। यहाँ के मतदाताओं ने यह सिद्ध कर दिए हैं कि महा अघाड़ी की गाड़ी सच में बिना पहियों की गाड़ी है। महाराष्ट्र के कुल 288 सीटों वाली विधानसभा के लिए सबसे अधिक स्ट्राइक रेट के साथ भाजपा ने रिकॉर्ड बनाया है। भाजपा 25 सीटों की बढ़त के साथ 130 सीटों पर आगे है। शिवसेना शिंदे गुट ने भी 56 सीटों पर सफल होने की ओर कदम बढ़ा दिया है। इस गुट ने कमाल किया है तो अजित पवार ने अपने चाचा और मराठा छत्रप शरद पवार को हासिए पर ला दिया है। अंतिम चुनाव परिणाम के आंकड़े आने के बाद हम फिर से अपडेट्स साझा करेंगे। फिलहाल महाराष्ट्र में प्रचंड दो तिहाई बहुमत के साथ एनडीए ने हैट्रिक लगा ली है।

झारखंड में भले ही एनडीए बहुमत से पीछे रह गई, लेकिन महाराष्ट्र की महाजीत और उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार व असम में मिली सफलता ने भारतीय जनता पार्टी और एनडीए के अधिकांश सहयोगी दलों को उत्सव मनाने का सुनहरा अवसर अवश्य ही दे दिया है।
